नई दिल्ली : पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने जापान के आइची–नागोया में सितंबर–अक्टूबर 2026 में होने वाले एशियाई खेलों के लिए पुरुष क्रिकेट टीम की घोषणा कर दी है। टीम की कमान अनुभवी बल्लेबाज़ साहिबज़ादा फरहान को सौंपी गई है, जबकि अब्दुल समद को उपकप्तान बनाया गया है।
साहिबज़ादा फरहान अब तक पाकिस्तान के लिए 46 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुके हैं, लेकिन पहली बार उन्हें किसी सीमित ओवर प्रारूप में टीम की कप्तानी मिली है।
घोषित 15 सदस्यीय टीम में चार ऐसे खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है जिन्होंने अभी तक पाकिस्तान के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय पदार्पण नहीं किया है। इनमें आकिफ जावेद, अली रज़ा, माज़ सादाकत और साद मसूद शामिल हैं।
विकेटकीपर की जिम्मेदारी उस्मान खान को दी गई है।
इस बार पाकिस्तान ने अपेक्षाकृत नई टीम चुनी है। हाल ही में टी20 विश्व कप खेलने वाले कई बड़े खिलाड़ियों को इस टीम में जगह नहीं मिली है। नियमित कप्तान सलमान अली आगा, तथा प्रमुख खिलाड़ी बाबर आज़म, शाहीन अफरीदी और शादाब खान चयन से बाहर हैं।
घोषित टीम के 15 में से 14 खिलाड़ी राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी के सीमित ओवर शिविर का हिस्सा हैं, जिसकी शुरुआत 15 जून से लाहौर में होगी।
एशियाई खेलों में पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता 24 सितंबर से शुरू होगी, जबकि पदक मुकाबले 3 अक्टूबर को खेले जाएंगे।
गौरतलब है कि क्रिकेट अब तक एशियाई खेलों में तीन बार शामिल किया जा चुका है — 2010, 2014 और 2022 संस्करण में। पाकिस्तान पिछली बार चौथे स्थान पर रहा था।
एशियाई खेल 2026 के लिए पाकिस्तान टीम:
साहिबज़ादा फरहान (कप्तान), अब्दुल समद (उपकप्तान), अबरार अहमद, अहमद दानियाल, आकिफ जावेद, अली रज़ा, अराफात मिन्हास, हैदर अली, हसन नवाज़, माज़ सादाकत, मोहम्मद सलमान मिर्ज़ा, साद मसूद, सैम अयूब, सूफियान मुकीम और उस्मान खान (विकेटकीपर)।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal