अखिलेश यादव की बेटी पर ‘डर्टी’ पॉलिटिक्स : लखनऊ में भड़के सपा कार्यकर्ता, हजरतगंज कोतवाली में FIR दर्ज करने की मांग

UP Politics : उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों के मामले में सपा कार्यकर्ताओं का आक्रोश चरम पर पहुंच गया है। इस मामले को लेकर समाजवादी कार्यकर्ताओं ने हजरतगंज कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है।

 

सपा कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ की गई टिप्पणियों को लेकर गहरी नाराजगी व्यक्त की है। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि फेसबुक और एक्स (ट्विटर) जैसे प्लेटफार्मों पर उनके परिवार और बेटी के खिलाफ भ्रामक और चरित्र हनन करने वाले पोस्ट किए गए हैं। इस मामले में सपा कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में हजरतगंज कोतवाली पहुंचे और पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

 

लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राज साहनी ने हजरतगंज पुलिस को दिए गए अपने शिकायत पत्र में कहा कि पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की पुत्री, अदिति यादव, के खिलाफ सोशल मीडिया पर घोर आपत्तिजनक पोस्ट किए गए हैं। उन्होंने इन पोस्ट्स को दुष्प्रचार, चरित्र हनन और भ्रामक बताया।

 

राज साहनी ने पुलिस से इन पोस्ट करने वालों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने की भी मांग की है। उन्होंने सोशल मीडिया के स्क्रीनशॉट्स भी पुलिस को सौंपे हैं, ताकि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके। साथ ही, चेतावनी दी है कि यदि पुलिस आरोपियों के खिलाफ कोई कदम नहीं उठाती है, तो वे आंदोलन करेंगे।

 

भाजपा पर लगाए आरोप

राज साहनी ने कहा कि यदि सत्ता पक्ष के किसी छोटे नेता के खिलाफ भी ऐसी टिप्पणियां होती हैं तो तुरंत एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाती है। लेकिन, इस मामले में अभी तक कार्रवाई नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि जब से मामला सामने आया है, उन्हें पुलिस का रवैया निराशाजनक लग रहा है।

 

उन्होंने कहा, “हमारी भावनाएं अखिलेश यादव और उनके परिवार से जुड़ी हैं। एक बेटी के खिलाफ इतनी गंभीर और निराधार टिप्पणी करना बेहद शर्मनाक है। जब एक पूर्व मुख्यमंत्री की बेटी का मामला हो, तो भी कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है?”

 

बेटी का सम्मान और नारी शक्ति का संदेश

प्रदर्शन में शामिल राम प्रकाश ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा नारी शक्ति और सम्मान का नारा देती है। लेकिन उसके लोग बेटियों का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों का चरित्र हनन करने का प्रयास करना न तो सही है और न ही स्वीकार्य।

 

उन्होंने सनातन धर्म का हवाला देते हुए कहा, “नारी देवी का रूप है। हम उन्हें पूजते हैं। बेटियों पर ऐसी टिप्पणियों को हम कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे।”

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com