कोच्चि। शारजाह से कोझिकोड जा रही एयर अरेबिया विमान को तकनीकी खराबी के कारण शनिवार तड़के कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर डायवर्ट कर दिया गया। विमान में मौजूद सभी 170 यात्रियों समेत क्रू सदस्य सुरक्षित हैं।
कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (CIAL) के प्रवक्ता के अनुसार, एयर अरेबिया की फ्लाइट G9 454 में इंजन रिवर्स थ्रस्ट सिस्टम से संबंधित समस्या उत्पन्न हो गई थी, जिसके चलते विमान को एयरपोर्ट पर उतारने का निर्णय लिया गया।
सुरक्षा के मद्देनजर, सुबह 3:19 बजे इस विमान को ‘लोकल स्टैंडबाय’ घोषित किया गया, और इसके बाद 3:34 बजे ‘फुल इमरजेंसी’ भी घोषित की गई ताकि एयरपोर्ट की सभी आपातकालीन सेवाएं पूरी तरह तैयार रहें।
प्रवक्ता ने बताया कि, “विमान ने सुबह 3:38 बजे सुरक्षित रूप से लैंडिंग की और उसे पार्किंग बे तक ले जाया गया। सभी सुरक्षा जांच पूरी करने के बाद सुबह 3:45 बजे ‘फुल इमरजेंसी’ हटा ली गई।”
बताया गया है कि विमान में कुल 170 यात्री, नौ शिशु और चालक दल के सदस्य सवार थे, और सभी पूरी तरह सुरक्षित हैं। एयरपोर्ट के सामान्य संचालन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा। खराबी का पता लगने और मरम्मत के बाद, विमान को सुबह 7:15 बजे कोझिकोड के लिए रवाना किया गया।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal