Bihar : बिहार के पटना में पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव फिर से विवादों में फंस गए हैं। उनके खिलाफ अनुष्का यादव के भाई आकाश यादव ने कोर्ट में मामला दर्ज कराया है। साथ ही, इस मामले में कथित गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का नाम भी सामने आया है।
क्या है पूरा मामला?
आकाश यादव का आरोप है कि 6 जून को पाटलिपुत्र क्षेत्र में उनका फ्लैट है, जहां तेज प्रताप यादव अपने पीए मोतीलाल यादव के साथ पहुंचे थे। उन्होंने घर में जबरन घुसने का प्रयास किया। उस वक्त आकाश घर पर नहीं थे, बल्कि खाटूश्याम गए हुए थे। परिवार के सदस्यों ने घर में घुसने का विरोध किया, लेकिन अभियुक्तों ने दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया। आरोप है कि वे भांजी उज्जैनी से मिलने की मांग कर रहे थे और इसको लेकर हंगामा किया।
आकाश यादव ने यह भी आरोप लगाया कि मोतीलाल यादव ने उन्हें फोन कर धमकी दी। जब उनका फोन कट गया, तो एक और कॉल आया, जिसमें मोहित नाम के व्यक्ति ने कहा कि वह लॉरेंस बिश्नोई के आदमी हैं, और धमकी दी कि तेज प्रताप के खिलाफ कुछ नहीं बोलना चाहिए। इस कॉल का रिकॉर्ड भी आकाश यादव ने कोर्ट में सबूत के तौर पर जमा कराया है।
एफआईआर नहीं होने पर कोर्ट में मामला दर्ज
आकाश यादव ने 10 जून को पाटलिपुत्र थाने में एफआईआर दर्ज करने के लिए आवेदन दिया था, लेकिन थाने से कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद, 17 जून को पटना सिविल कोर्ट में उन्होंने मामला दर्ज कराया। आज (गुरुवार) इसी मामले की सुनवाई हुई, जिसमें कोर्ट ने केस को रजिस्टर कर लिया है।
क्या प्रतिक्रिया आएगी तेज प्रताप की तरफ से?
अब देखना यह है कि तेज प्रताप यादव इस पूरे मामले में क्या प्रतिक्रिया देते हैं। इस विवाद ने एक बार फिर से राजनीतिक और परिवारिक गलियारों में हलचल मचा दी है।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal