छत्तीसगढ़ में खौफनाक वारदात : फॉर्च्यूनर के दरवाजे लॉक कर बीजेपी नेता को जिंदा जलाया; 30 आरोपियों ने पेट्रोल डालकर लगाई आग!

कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के सोनहत क्षेत्र के कटगोड़ी गांव में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसमें एक फॉर्च्यूनर वाहन को आग के हवाले किया गया। इस घटना में बीजेपी नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह की जलकर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

 

30 आरोपियों ने वाहन को जाम कर लगाई आग

सूत्रों के मुताबिक, इस घटना को अंजाम देने वाले कुल 30 आरोपियों ने पहले टिपर से फॉर्च्यूनर को टक्कर मारकर उसके दरवाजे जाम कर दिए। इसके बाद, उन्होंने वाहन में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि बाकी की तलाश जारी है।

 

घटना मंगलवार (16 जून) रात लगभग 11 बजे की है। जब बीजेपी नेता भरत सिंह अपने साथियों के साथ नवगई गांव के अंदर पहुंचे थे, तभी आरोपियों ने उनकी गाड़ी के दरवाजे जाम कर दिए, जिससे अंदर बैठे लोग बाहर नहीं निकल सके। इसके बाद, आरोपियों ने वाहन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग लगने के दौरान, जो लोग शीशा तोड़कर बाहर निकलने का प्रयास कर रहे थे, उनके साथ भी मारपीट की गई।

 

इस जघन्य कांड की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा रेंज के आईजी रात में ही मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इस मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। घायलों में से 40 से 60 प्रतिशत झुलसे हुए व्यक्तियों को पहले बैकुंठपुर जिला अस्पताल लाया गया, इसके बाद उन्हें अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया गया है। उनका इलाज जारी है।

 

फॉरेंसिक टीम भी अम्बिकापुर पहुंच चुकी है और मामले की जांच में जुटी हुई है।

 

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने घटना की गंभीरता को देखते हुए कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, कांग्रेस ने इस घटना को लेकर सवाल उठाए हैं, जिन पर मंत्री ने कहा कि कांग्रेस के आरोप बेबुनियाद हैं।

 

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पूरे मामले की छानबीन कर रहे हैं, और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया जा रहा है। यह घटना जिले में तनाव और राजनीति गर्माहट के बीच सामने आई है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com