नड्डा ने विश्व सिकल सेल जागरूकता दिवस पर रोग उन्मूलन का लक्ष्य दोहराया

नई दिल्ली : केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याणमंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने विश्व सिकल सेल जागरूकता दिवस के अवसर पर देशवासियों से स्वस्थ और अधिक समानतापूर्ण भारत के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराने की अपील की। उन्होंने आज एक्स पर पोस्ट कर विश्व सिकल सेल जागरूकता दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन के तहत उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है।

 

उन्होंने बताया कि अब तक 7.19 करोड़ से अधिक लोगों की जांच की जा चुकी है, जबकि 20.26 लाख से अधिक वाहकों (कैरियर्स) की पहचान की गई है। इसके अलावा 2.46 लाख लोगों में सिकल सेल रोग का निदान किया गया है तथा 4.82 करोड़ सिकल सेल कार्ड वितरित किए गए हैं। ये उपलब्धियां विशेष रूप से आदिवासी आबादी और अन्य कमजोर समुदायों के बीच शुरुआती निदान, समय पर उपचार, आनुवंशिक परामर्श और व्यापक स्वास्थ्य देखभाल सुनिश्चित करने के लिए किए गए सामूहिक प्रयासों का परिणाम हैं।

 

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सिकल सेल रोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने और प्रभावित लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने सभी हितधारकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह करते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक सिकल सेल रोग को सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौती के रूप में समाप्त करने के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com