आईएसएसएफ जूनियर विश्व चैंपियनशिप : समीर, रोहित ने दिलाया स्वर्ण, भारत ने दूसरे दिन जीते पांच पदक

सुहल (जर्मनी) : भारतीय निशानेबाजों ने आईएसएसएफ जूनियर विश्व चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए दूसरे दिन शुक्रवार को कुल पांच पदक अपने नाम किए। इस प्रदर्शन के साथ भारत ने दो दिन में कुल आठ पदक (4 स्वर्ण, 1 रजत और 3 कांस्य) हासिल कर पदक तालिका में शीर्ष स्थान बरकरार रखा।

 

भारत के लिए समीर ने 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल जूनियर पुरुष वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने फाइनल में शानदार संयम दिखाते हुए 28 हिट्स के साथ पहला स्थान हासिल किया।

 

वहीं 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन जूनियर पुरुष वर्ग में रोहित कन्यान ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए भारत को दूसरा स्वर्ण पदक दिलाया और भारतीय अभियान को और मजबूत किया।

 

महिला वर्ग में प्राची गायकवाड़ ने 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन जूनियर महिला स्पर्धा में 354.7 अंक के साथ रजत पदक जीतकर भारत की झोली में एक और सफलता जोड़ी।

 

टीम स्पर्धाओं में भी भारतीय निशानेबाजों ने दमदार प्रदर्शन किया। 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन जूनियर पुरुष टीम स्पर्धा में रोहित कन्यान, वेदांत नितिन वाघमारे और हितेश श्रीनिवासन की तिकड़ी ने कांस्य पदक जीता।

 

इसके अलावा 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल जूनियर पुरुष टीम स्पर्धा में समीर, अभिनव चौधरी और साहिल चौधरी ने कांस्य पदक हासिल कर भारत के पदकों की संख्या बढ़ाई।

 

लगातार दूसरे दिन शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय दल ने चैंपियनशिप में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है और व्यक्तिगत व टीम दोनों वर्गों में प्रभावशाली शुरुआत की है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com