वैभव सूर्यवंशी के तूफान में उड़ा श्रीलंका, भारत ने जीती ट्राई सीरीज, फाइनल में 66 रनों से मारी बाजी

इंडिया-ए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्राई सीरीज का खिताब अपने नाम कर लिया है। फाइनल मुकाबले में भारत ने श्रीलंका-ए को 66 रनों से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। मुकाबले में भारत की जीत के सबसे बड़े हीरो युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी रहे, जिन्होंने महज 29 गेंदों में 94 रनों की तूफानी पारी खेलकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई।

 

फाइनल मुकाबले में इंडिया-ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 377 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में श्रीलंका-ए की टीम 47.1 ओवर में 311 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

 

भारत की ओर से पारी की शुरुआत करने उतरे प्रियांश आर्य और वैभव सूर्यवंशी ने पहले विकेट के लिए महज 8.5 ओवर में 132 रनों की शानदार साझेदारी की। प्रियांश आर्य ने 29 गेंदों में 39 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और एक छक्का शामिल रहा।

 

वहीं वैभव सूर्यवंशी ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 29 गेंदों में 94 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 10 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। वैभव की इस विस्फोटक पारी ने भारत को शुरुआती बढ़त दिलाई।

 

इसके बाद ऋतुराज गायकवाड़ ने 40 रनों का योगदान दिया, जबकि कप्तान तिलक वर्मा ने जिम्मेदारी भरी बल्लेबाजी करते हुए 90 गेंदों में 67 रन बनाए। उनकी पारी में 4 चौके और एक छक्का शामिल रहा।

 

मध्यक्रम में कुमार कुशाग्र ने 36 रन, निशांत सिंधु ने 16 रन और विपरज निगम ने 27 रन बनाए। सूर्यांश शेडगे 2 रन बनाकर आउट हुए। अंत में अंकुल रॉय ने तेज बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 15 गेंदों में 39 रनों की शानदार पारी खेलकर भारत का स्कोर 377 तक पहुंचाया।

 

377 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका-ए की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम की ओर से सदीरा समराविक्रमा ने सबसे ज्यादा 52 रन बनाए, जबकि सहन अरचिंगे ने 38 और विजयाकांत व्यासकांत ने 39 रन का योगदान दिया।

 

इसके अलावा निरोशन डिकवेला ने 25, नुवांडु फर्नांडो ने 21, रविंदु फर्नांडो ने 19, मोहम्मद शिराज ने 21 और दुलज समुधिता ने 15 रन बनाए। हालांकि भारतीय गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा और श्रीलंका की टीम लक्ष्य से काफी दूर रह गई।

 

भारत की गेंदबाजी में यश ठाकुर और विपरज निगम ने शानदार प्रदर्शन किया। यश ठाकुर ने 7 ओवर में 45 रन देकर तीन विकेट लिए। वहीं विपरज निगम ने 9.1 ओवर में 60 रन देकर तीन श्रीलंकाई बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।

 

अंकुल रॉय ने 9 ओवर में 42 रन देकर दो विकेट झटके, जबकि अशोक शर्मा और तिलक वर्मा को एक-एक सफलता मिली।

 

इस जीत के साथ इंडिया-ए ने ट्राई सीरीज का खिताब अपने नाम कर लिया। वैभव सूर्यवंशी की तूफानी बल्लेबाजी और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन ने भारत की जीत को यादगार बना दिया।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com