लखनऊ अग्निकांड पर पीएम मोदी ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख का मुआवजा

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में एक कोचिंग संस्थान में लगी भीषण आग की घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। इस हादसे में कई लोगों की जान चली गई, जिसके बाद प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए आर्थिक सहायता की घोषणा की है।

 

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के लखनऊ में आग लगने की घटना में लोगों की मृत्यु से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि राहत एवं बचाव अभियान जारी है और संबंधित अधिकारी हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने में जुटे हुए हैं।

प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की गई है। वहीं, हादसे में घायल हुए लोगों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

 

इस बीच, घटना स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी हादसे की भयावहता देखकर भावुक हो गए। मीडिया से बातचीत के दौरान उनकी आंखें नम हो गईं। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी आंखों से 14 शव देखे हैं और यह हादसा पूरे प्रदेश को झकझोर देने वाला है। उन्होंने बताया कि प्रशासन राहत एवं बचाव कार्यों में पूरी तत्परता के साथ जुटा हुआ है तथा घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।

 

फिलहाल हादसे के कारणों की जांच जारी है और प्रशासन पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर रहा है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com