लखनऊ अग्निकांड पर एक्शन में सीएम योगी, LDA के उपाध्यक्ष को 5 बजे बुलाया, 1 जनवरी से अब तक के ‘बुलडोजर एक्शन’ का मांग लिया हिसाब

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के अलीगंज स्थित व्यावसायिक इमारत में सोमवार दोपहर भड़के भीषण अग्निकांड पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बेहद सख्त नजर आ रहे हैं। 15 लोगों की दर्दनाक मौत के बाद मुख्यमंत्री ने शासन और प्रशासन स्तर पर बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की तैयारी कर ली है।

 

अवैध निर्माणों और नियमों को ताक पर रखकर चल रहे कमर्शियल सेंटरों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए सीएम योगी ने लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार को आज शाम ठीक 5:00 बजे पूरी कार्रवाई रिपोर्ट के साथ अपने आवास पर तलब किया है।

1 जनवरी से अब तक की सीलिंग और ‘बुलडोजर एक्शन’ का मांगा ब्योरा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अफसरों की जवाबदेही तय करने के लिए एलडीए से बेहद कड़े सवाल पूछे हैं। सीएम ने लखनऊ शहर के सभी सात जोनों में 1 जनवरी से लेकर अब तक जारी किए गए सभी ‘सील नोटिसों’ की कुल संख्या, उन पर जमीनी स्तर पर की गई वास्तविक कार्रवाई और ध्वस्तीकरण (बुलडोजर एक्शन) की पूरी कुंडली रिपोर्ट के साथ मांगी है। मुख्यमंत्री यह देखना चाहते हैं कि एलडीए के भ्रष्ट अफसरों ने कागजी नोटिस देकर कितनी फाइलों को ठंडे बस्ते में डाल रखा था।

 

पेट शॉप से भड़की थी आग

शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस बहुमंजिला इमारत में आग सबसे पहले ग्राउंड फ्लोर पर स्थित एक पेट शॉप (पालतू जानवरों की दुकान) में लगी थी। इसके बाद आग की लपटों ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। इस अवैध इमारत में नियमों की धज्जियां उड़ाकर एक साथ पेट शॉप, लाइब्रेरी, गेमिंग जोन और एक नामचीन कोचिंग सेंटर संचालित किया जा रहा था। मुख्यमंत्री द्वारा गठित की गई विशेष जांच दल (SIT) की टीम मंगलवार सुबह ही एक्शन में आ गई। फॉरेंसिक और वैज्ञानिक विशेषज्ञों के साथ एसआईटी ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और केस को मजबूत बनाने के लिए वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए।

 

अलीगढ़ में 9 कोचिंग सेंटर सील

लखनऊ में हुए इस दिल दहला देने वाले हादसे के बाद शासन के निर्देश पर पूरे उत्तर प्रदेश में अवैध और बिना सुरक्षा मानकों के चल रहे कोचिंग सेंटरों के खिलाफ राज्यव्यापी अभियान शुरू हो गया है। इसी कड़ी में मंगलवार को अलीगढ़ में शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन की टीम ने बड़ी कार्रवाई की। शहर भर में संचालित कोचिंग सेंटरों पर की गई ताबड़तोड़ छापेमारी के दौरान अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन न करने और वैध कागजात (अभिलेख) न दिखा पाने के कारण 9 बड़े कोचिंग सेंटरों को मौके पर ही सील कर दिया गया।

 

लखनऊ अग्निकांड ने पूरे प्रदेश के कोचिंग और कमर्शियल हब में चल रहे अवैध खेल की पोल खोल दी है। आज शाम 5 बजे मुख्यमंत्री की एलडीए उपाध्यक्ष के साथ होने वाली इस हाई-लेवल मीटिंग के बाद लखनऊ विकास प्राधिकरण में कई बड़े अफसरों पर गाज गिरना तय माना जा रहा है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com