उज्जैन में बड़ा हादसा: 50 साल पुराना दो मंजिला मकान भरभराकर ढहा, मलबे में दबने से 12 साल के बच्चे की मौत; नानी गंभीर

उज्जैन : मध्य प्रदेश के उज्जैन में जीवाजीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत हम्मालवाड़ी में बुधवार सुबह 50 साल पुराना दो मंजिला मकान भरभराकर ढह गया। इस हादसे में मलबे में दबने से 12 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसकी नानी गंभीर रूप से घायल है। वहीं, मलबे में दबे आठ लोगों को सुरक्षित बचाया गया है।

 

पुलिस के अनुसार, हम्मालवाड़ी इलाके में 50 साल पुराने दो मंजिला मकान के पास एक नए भवन का निर्माण कार्य चल रहा था। इसके लिए मकान के पास गहरे गड्ढे खोदे गए थे। बुधवार सुबह पुराना मकान अचानक ढह गया। हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

 

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि खुदाई के कारण पुराने मकान की नींव कमजोर हो गई, जिससे उसका पिछला हिस्सा अचानक ढह गया। मलबे में दबने से 12 वर्षीय बच्चे असरान कुरैशी की मौत हो गई, जबकि उसकी नानी खुर्शीद बी गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

जीवाजीगंज थाना प्रभारी प्रतीक शर्मा ने बताया कि हम्मालबाड़ी में पुराना मकान ढह गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। पुलिस और रहवासियों ने मिलकर मलबे में दबे आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। रिश्तेदार ने बताया कि दो मंजिला मकान में नीचे खुर्शीद और ऊपर परवीन रहती हैं। मकान लगभग 50 साल पुराना और कच्चा बना हुआ था। मकान की हालत भी ठीक नहीं थी। मलबे में दबने से एक बच्चे की मौत हो गई। वहीं खुर्शीद और एक छोटी बच्ची घायल है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com