Lucknow : समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज लखनऊ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अलीगंज में हुए दर्दनाक कोचिंग अग्निकांड को लेकर राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने इस भयावह हादसे के लिए सीधे तौर पर प्रशासनिक ढिलाई और लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है।
अखिलेश यादव ने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी परिवार के लिए अपने बच्चे को खोना दुनिया का सबसे बड़ा दुख होता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि वह अपनी जिम्मेदारियों से भागे नहीं और पीड़ित परिवारों को तत्काल भारी मुआवजा दे।
उन्होंने कहा कि अगर पुलिस मुस्तैद होती, तो नहीं जाती 15 मासूमों की जान। प्रेस वार्ता के दौरान सपा प्रमुख ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा-अगर समय रहते पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर किया होता, तो आज यह दर्दनाक हादसा नहीं होता। सरकार और प्रशासन ने अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाई, जिसके कारण आज 15 बच्चों की जान चली गई। इस दुख की भरपाई कोई नहीं कर सकता, क्योंकि हर दुख से बड़ा दुख अपने बच्चे को खोने का होता है।
अखिलेश यादव ने सरकार की कार्यप्रणाली पर तंज कसते हुए कहा कि सरकार को केवल बयानबाजी करने के बजाय हर ऐसी घटना से कड़ा सबक सीखना चाहिए ताकि भविष्य में किसी और मासूम की जान न जाए। कोचिंग सेंटरों और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर उन्होंने प्रशासन को आड़े हाथों लिया।
पीड़ित परिवारों को संबल देने के लिए अखिलेश यादव ने सरकार के सामने दो मुख्य मांगें रखी हैं। मृतक बच्चों के परिजनों को तुरंत 1 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद दी जाए। या पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी मुहैया कराई जाए।
अखिलेश यादव ने साफ किया कि समाजवादी पार्टी इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग करती है।
अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी को लेकर प्रशासन को सौंपी गई एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट को लेकर अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या में चढ़ावा चोरी का महापाप हुआ है। विशेष जांच समिति मतलब एसआईटी ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट सौंप दी है। उन्होंने कहा कि एसआईटी का मतलब शेयर इन थेफ्ट मतलब चोरी में हिस्सेदारी है। उन्होंने मामले में अभी तक एफआईआर न होने को लेकर सवाल उठाए हैं। अखिलेश यादव बुधवार को लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में मीडिया को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं ने राममंदिर का दर्शन कर दान दिया था। चढ़ावा चढ़ाया था। प्रदेश के हर लोकसभा क्षेत्र से अगर 10 करोड़ भी मानें तो 800 करोड़ रुपये का चढ़ावा प्रभु श्रीराम को चढ़ाया गया है। लोग गुप्तदान भी करते हैं। अब गुप्तदान करने वाले अगर बोलेंगे तो उनके घर ईडी और सीबीआई पहुंच जाएगी।
मध्य प्रदेश में जमीन घोटाले- डबल इंजन टकरा रहे
मध्य प्रदेश में जमीन घोटाले के लगे आरोपों पर अखिलेश यादव ने कहा कि वहां सत्ता के इंजन आपस में टकरा रहे हैं इसलिए इस तरह की खबरें सामने आ रही हैं। वहीं, भाजपा के दूसरे दलों के सांसदों को तोड़ने को लेकर कहा कि भाजपा संविधान बदलना चाहती है इसलिए सांसदों को जुटा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा आदिवासी समाज का हक मार रही है। प्रदेश में समाजवादी सरकार बनने पर आदिवासी समाज को जल, जंगल और जमीन पर पूरा अधिकार मिलेगा।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal