बिलौटी गांव, भोजपुर। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को भोजपुर के बिलौटी गांव में हुए भरत तिवारी एनकाउंटर मामले पर अपनी पहली प्रतिक्रिया दी। यह प्रतिक्रिया उस समय आई, जब वे पटना के ज्ञान भवन में आयोजित ‘संविधान हत्या दिवस’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य में कोई भी समस्या सामने आए तो सरकार तुरंत चिंतित होकर उसका समाधान निकालने का प्रयास करती है।
सम्राट चौधरी ने कहा, “भोजपुर में एक घटना घटी… तुरंत बिहार सरकार ने ज्यूडिशियल कमीशन का गठन किया है। ताकि न्याय मिले… यदि कोई गलत है तो उस पर कार्रवाई हो।” उन्होंने यह बात उस समय कही जब इस केस की न्यायिक जांच शुरू हो चुकी है। इससे पहले, जब वे मीडिया के सामने आए थे और भरत तिवारी एनकाउंटर के सवाल पर उनसे पूछा गया था, तो उन्होंने चुप्पी साध रखी थी। अब एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने यह बताने की कोशिश की कि सरकार इस मुद्दे को लेकर कितनी गंभीर है।
बता दें कि पिछले बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में भोजपुर एनकाउंटर मामले में न्यायिक जांच की मंजूरी दी गई थी। इसकी जिम्मेदारी पटना हाई कोर्ट से रिटायर्ड जज विनोद कुमार सिन्हा को सौंपी गई है। आज (गुरुवार) ही जज सिन्हा बिलौटी गांव भी पहुंचे, जहां उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की।
वहीं, इस दौरान बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस पर हमला बोला। पटना के ज्ञान भवन में आयोजित ‘संविधान हत्या दिवस’ कार्यक्रम का आयोजन बीजेपी की ओर से किया गया था, जिसमें आपातकाल की स्मृति में आंदोलनकारियों का सम्मान किया गया।
इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद थे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ-साथ कई सांसद, मंत्री और विधायक भी शामिल थे। इस अवसर पर, सम्राट चौधरी ने आपातकाल के दौरान कांग्रेस सरकार की नीतियों की आलोचना की, जबकि जेपी नड्डा ने भी कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal