प्रधानमंत्री शनिवार को तीन दिन की यात्रा पर जायेंगे सेशल्स

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हिन्द महासागर के खूबसूरत द्वीपीय देश सेशेल्स की स्वतंत्रता के स्वर्ण जयंती समाराेह में भाग लेने के लिए शनिवार काे तीन दिन की यात्रा पर सेशेल्स जाएंगे।

 

विदेश मंत्रालय ने आज यहां बताया कि प्रधानमंत्री 27-29 जून को सेशेल्स की राजकीय यात्रा करेंगे। वह रविवार काे ‘विशिष्ट अतिथि’ के तौर पर सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस की स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री ने पिछली बार 2015 में सेशेल्स का दौरा किया था। इस समारोह में भारतीय रक्षा बलों की एक टुकड़ी और भारतीय नौसेना के दो जहाज हिस्सा लेंगे।

 

विदेश मंत्रालय के अनुसार अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री राष्ट्रपति हर्मिनी के साथ बातचीत करेंगे। वे दोनों देशों के बीच सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे और आपसी हित के क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। प्रधानमंत्री सेशेल्स की राष्ट्रीय असेंबली को भी संबोधित करेंगे और वहां रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों से बातचीत करेंगे।

 

मंत्रालय का कहना है, “यह यात्रा भारत और सेशेल्स के बीच मजबूत और स्थायी दोस्ती को और सशक्त करेगी तथा सभी क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को बेहतर बनाने के लिए दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगी।”

 

उल्लेखनीय है कि भारत और सेशेल्स के बीच लंबे समय से साझेदारी रही है। यह साझा ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और लोगों के बीच आपसी संबंधों पर आधारित है। हिंद महासागर क्षेत्र में एक अहम समुद्री पड़ोसी होने के नाते, भारत के ‘विज़न महासागर’ (क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए आपसी और समग्र प्रगति) और ‘ग्लोबल साउथ’ के प्रति प्रतिबद्धता में सेशेल्स का एक खास स्थान है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com