कोलकाता : कोलकाता के तारातला इलाके में चल रहे बचाव अभियान को और तेज तथा सटीक बनाने के लिए एनडीआरएफ की टीम ने अब अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। राहत और बचाव कार्य के दौरान ध्वस्त संरचना के मलबे के भीतर किसी व्यक्ति के फंसे होने की संभावना को तलाशने के लिए थर्मल इमेजिंग कैमरा और इंफ्रारेड लाइफ डिटेक्टर मशीन को लगाया गया है।
बताया जा रहा है कि इंफ्रारेड लाइफ डिटेक्टर मशीन के माध्यम से मलबे के अंदर मौजूद किसी व्यक्ति के शरीर के तापमान का पता लगाया जा सकता है। यदि मशीन किसी स्थान पर मानव शरीर की उपस्थिति के संकेत देती है, तो उसके बाद वहां एक छोटे आकार का थर्मल इमेजिंग कैमरा अंदर भेजा जाता है।
इस तकनीक की मदद से फंसे हुए व्यक्ति की सटीक लोकेशन का पता लगाया जाता है। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम चिन्हित स्थान पर बेहद सावधानी के साथ लोहे के बीम और अन्य बाधाओं को काटकर राहत एवं बचाव कार्य को आगे बढ़ाती है।
अधिकारियों का मानना है कि आधुनिक उपकरणों के इस्तेमाल से बचाव अभियान की गति बढ़ेगी और मलबे में फंसे लोगों तक जल्द पहुंचने में मदद मिलेगी। मौके पर एनडीआरएफ सहित अन्य एजेंसियां लगातार अभियान में जुटी हुई हैं।
—————
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal