3 दिन में अयोध्या छोड़ें चंपत राय और अनिल मिश्रा…बार एसोसिएशन की बड़ी चेतावनी, मांग न मानने पर चक्का जाम का एलान

अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में अब अयोध्या बार एसोसिएशन की भी एंट्री हो गई है। अयोध्या बार एसोसिएशन ने राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राय को तीन दिनों के भीतर अयोध्या छोड़ने का अल्टीमेटम दिया है। साथ ही बार एसोसिएशन के सदस्यों ने कहा है कि यदि ऐसा नहीं होता है तो पूरी अयोध्या को जाम कर दिया जाएगा और किसी को भी अयोध्या में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।

 

दरअसल, अयोध्या बार एसोसिएशन ने अधिवक्ताओं की बैठक में बड़ा ऐलान किया। बैठक में अधिवक्ताओं ने कहा कि चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राय को रामनगरी छोड़नी होगी। अधिवक्ताओं का कहना है कि यदि तीन दिन के भीतर वे अयोध्या नहीं छोड़ते हैं तो पूरी अयोध्या को जाम कर दिया जाएगा और किसी को भी अयोध्या में आने नहीं दिया जाएगा।

 

अयोध्या बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्रा ने कहा कि कोई भी अधिवक्ता आरोपियों का पक्ष नहीं रखेगा। यदि कोई वकील उनका पक्ष रखता है, तो उसे एसोसिएशन के योगदान कोष में प्रति नाम पांच लाख रुपये जमा करने होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि चंपत राय, गोपाल राय और अनिल मिश्रा के खिलाफ सीआरपीसी की धारा 173 के तहत कार्रवाई शुरू करने की बात कही गई है।

 

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्रा ने आगे कहा कि इस मामले की सीबीआई जांच की मांग की जाएगी। जरूरत पड़ने पर अयोध्या अधिवक्ता संघ अपने खर्च पर सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट का दरवाजा भी खटखटाएगा। राम मंदिर चढ़ावा चोरी का मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है और अब अधिवक्ताओं की एंट्री के बाद यह मामला और भी चर्चा में आ गया है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com