बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक दुखद खबर सामने आई है। गुरुवार सुबह बेंगलुरु साउथ तालुक के मादापट्टना इलाके में स्थित एक पत्थर की खदान में भारी दुर्घटना हुई, जिसमें एक विशाल चट्टान गिरने से बिहार के सात मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में कई अन्य मजदूर भी घायल हो गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना सुबह-सुबह उस समय हुई जब मजदूर पत्थर तोड़ने और खुदाई के काम में लगे हुए थे। मौके पर मौजूद एक मजदूर ने बताया कि साइट पर करीब 18 मजदूर काम कर रहे थे, तभी लगभग 40 फीट ऊंचाई से एक बड़ी चट्टान मजदूरों पर गिर गई। जानकारी के अनुसार, सभी मृतक मजदूर दिहाड़ी मजदूर थे और खदान पर स्टोन क्रशर साइट में कार्यरत थे।
हादसे की खबर मिलते ही पुलिस और राहत बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे और मलबे को हटाने का काम शुरू किया। घायलों को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल, घायलों की संख्या का सही आंकड़ा जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रशासन ने इलाके को किया सील
प्रशासन ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और मलबे की सफाई कराई जा रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि अभी भी कोई मजदूर अंदर फंसा हो। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है कि चट्टान क्यों गिरी और खदान में सुरक्षा नियमों का उल्लंघन हुआ या नहीं।
बिहार के मजदूर थे मृतक
पुलिस ने पुष्टि की है कि मृतकों में सभी सात मजदूर बिहार के रहने वाले थे। उनके परिवारों को इस हादसे की जानकारी दी जा रही है। हादसे की पूरी जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि यह दुर्घटना किन कारणों से हुई और खदान की सुरक्षा व्यवस्था कैसी थी।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal