नई दिल्ली : भारतीय नौसेना ने अदन की खाड़ी में भारत के लिए जरूरी कार्गो ले जा रहे जहाज में समुद्री डकैती को नाकाम कर दिया। भारतीय जहाज को पास आता देख समुद्री डकैत भाग निकले, जिससे चालक दल सुरक्षित बच गया और जहाज पर किसी भी तरह का नुकसान नहीं हुआ। यह जहाज भारत के लिए महत्वपूर्ण माल लेकर जा रहा था और इस पर एक भारतीय नागरिक भी सवार था। नौसेना के कमांडो ने प्रभावित जहाज पर चढ़कर गहन तलाशी ली और यह सुनिश्चित किया कि जहाज पर अब कोई डाकू नहीं छिपा है।
दरअसल, एमवी गोल्डन आर्सेनल जहाज भारत के लिए जरूरी कार्गो ले जा रहा था। अदन की खाड़ी में समुद्री डाकुओं ने जहाज पर हमला कर दिया और उसे अपने कब्जे में लेने की कोशिश की। खतरा देख जहाज के चालक दल ने खुद को एक सेफ रूम में बंद कर लिया और एक कम्युनिकेशन चैनल पर पाइरेसी की कोशिश के बारे में बताया। संकट का संदेश मिलते ही पास में ही तैनात भारतीय युद्धपोत आईएनएस त्रिकंड तेजी से मदद के लिए उस तरफ रवाना हो गया। नौसेना के युद्धपोत के करीब आते ही डाकू वहां से भाग खड़े हुए, जिससे चालक दल सुरक्षित बच गया और जहाज पर किसी भी तरह का नुकसान नहीं हुआ। इस जहाज के चालक दल के सदस्यों में एक भारतीय नागरिक भी शामिल था।
डाकुओं के भागने के बाद भारतीय नौसेना के जांबाज मार्कोस कमांडो प्रभावित जहाज एमवी गोल्डन आर्सेनल पर उतरे। उन्होंने पूरे जहाज की गहन तलाशी ली और यह सुनिश्चित किया कि जहाज पर अब कोई खतरा या डाकू नहीं छिपा है। नौसेना के मरीन कमांडो ने पूरे जहाज को सुरक्षित और सैनिटाइज किया। ———–
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal