मुंबई। महाराष्ट्र के मुंबई में भारी बारिश के बीच साकीनाका में बीएमसी की बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है, जिसमें एक बुजुर्ग की खुले मैनहोल में गिरने से मौत हो गई है। यह घटना गुरुवार दोपहर करीब 12:26 बजे साकीनाका के खैराणी रोड पर हुई।
यादव नगर निवासी 60 वर्षीय असलम इसाक शेख सड़क से गुजर रहे थे, तभी चश्मदीदों के अनुसार, वह मोबाइल फोन पर बात कर रहे थे। इसी दौरान उनका ध्यान भटक गया और वह एक खुले मैनहोल में गिर गए।
मिली जानकारी के अनुसार, उस समय उस स्थान पर तीन प्राइवेट कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी मैनहोल की सफाई और मरम्मत का काम कर रहे थे, जिन्होंने मैनहोल का ढक्कन हटा रखा था।
बचाने की कोशिश नाकाम रही
जैसे ही बुजुर्ग को गिरते देखा गया, कर्मचारियों ने तुरंत मैनहोल में सीढ़ी डालने का प्रयास किया। लेकिन तेज बारिश के कारण पानी का बहाव बहुत अधिक था, और बुजुर्ग बहते हुए अंदर चला गया। उनके पास केवल छाता और चप्पल ही रह गईं।
दो ढाई घंटे बाद शव मिला
मुंबई फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीमों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। लगभग दोपहर 2:15 बजे बुजुर्ग का शव ड्रेनेज सिस्टम के अंदर पाया गया, जिसे काफी मेहनत के बाद बाहर निकाला गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दूसरा हादसा: दहिसर में नाले में फंसे शख्स की जान बची
इसी बीच, दहिसर में एक राहत भरी खबर भी सामने आई। यहां एक संदिग्ध स्थिति में एक शख्स गहरे नाले में चला गया था। तेज पानी के बहाव में फंसे इस शख्स को तुरंत नाले से बाहर निकाला गया। पुलिसकर्मियों ने लोहे की जाली काटकर उसे सुरक्षित बाहर निकाला और घायल का तुरंत इलाज किया। उसके परिवार को पता लगाकर सुरक्षित स्थान पर सुपुर्द कर दिया गया।
मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे अत्यंत सतर्क रहें। जलभराव वाले इलाकों में जाने से बचें और सड़कों पर चलते समय खुले नालों, मैनहोल और तेज बहाव वाले पानी से दूरी बनाकर रखें। ताकि इस तरह के दुखद हादसों से बचा जा सके।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal