ज़ाग्रेब : विश्व शतरंज चैंपियन डी. गुकेश ने ज़ाग्रेब ग्रैंड शतरंज टूर के दूसरे दिन गुरुवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए नीदरलैंड के ग्रैंडमास्टर अनीश गिरी को हराकर अंक तालिका में संयुक्त दूसरे स्थान पर पहुंच गए। वहीं, फ्रांस के ग्रैंडमास्टर अलीरेज़ा फिरोज़जा लगातार शानदार खेल दिखाते हुए शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं।
फिरोज़जा ने 12 में से 10 अंक हासिल कर तीन अंकों की बढ़त बना ली है। उनके बाद विन्सेंट कीमर (जर्मनी), मैक्सिम वाचियर-लाग्रेव (फ्रांस), बोगदान-डेनियल डियाक (रोमानिया) और डी. गुकेश सात-सात अंकों के साथ संयुक्त दूसरे स्थान पर हैं।
भारत के आर. प्रज्ञानानंद, अनीश गिरी और उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव साढ़े छह अंकों के साथ इनके पीछे हैं। वहीं, क्रोएशिया के इवान सारिच और नीदरलैंड के जॉर्डन वान फोरेस्ट दो-दो अंकों के साथ सबसे निचले स्थान पर हैं।
गिरी के खिलाफ गुकेश का शानदार प्रदर्शन
सफेद मोहरों से खेलते हुए गुकेश ने रुई लोपेज़ एक्सचेंज वैरिएशन में अनीश गिरी को शुरुआत से दबाव में रखा। गिरी अपनी तैयारी से जल्दी बाहर हो गए, जिसके बाद गुकेश ने उनके राजा पर लगातार हमला बोला।
भारतीय खिलाड़ी ने एक्सचेंज जीतने के बाद कोई गलती नहीं की और शानदार अंदाज में मुकाबला अपने नाम कर लिया।
प्रज्ञानानंद की किस्मत ने नहीं दिया साथ
दूसरे भारतीय खिलाड़ी आर. प्रज्ञानानंद का दिन मिला-जुला रहा। उन्होंने शुरुआत में जॉर्डन वान फोरेस्ट को हराया, लेकिन इसके बाद नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव और अलीरेज़ा फिरोज़जा के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।
फिरोज़जा के खिलाफ मुकाबले में प्रज्ञानानंद ड्रॉ की स्थिति तक पहुंच गए थे, लेकिन एंडगेम में एक बड़ी गलती कर बैठे, जिसका फायदा उठाकर फिरोज़जा ने जीत दर्ज कर ली।
पहले हार, फिर शानदार वापसी
गुकेश ने दिन की शुरुआत रोमानिया के बोगदान-डेनियल डियाक के खिलाफ अप्रत्याशित हार से की थी, लेकिन इसके बाद उन्होंने जॉर्डन वान फोरेस्ट और अनीश गिरी को हराकर शानदार वापसी की।
रैपिड वर्ग के अब तीन दौर शेष हैं। हालांकि फिरोज़जा फिलहाल खिताब की दौड़ में सबसे आगे हैं, लेकिन इसके बाद खेले जाने वाले 18 ब्लिट्ज मुकाबले टूर्नामेंट के अंतिम विजेता का फैसला करेंगे।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal