परगना : पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले से एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पारिवारिक रिश्तों और प्रेम संबंधों की मर्यादा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां एक 33 वर्षीय शादीशुदा महिला और उसके रिश्ते में लगने वाले 32 वर्षीय भांजे के बीच पनपे कथित प्रेम प्रसंग का अंत दो रहस्यमयी मौतों के साथ हुआ। मामी का शव जहां रेलवे ट्रैक के किनारे क्षत-विक्षत हालत में मिला, वहीं भांजा अपने ही किराए के कमरे के भीतर मृत पाया गया। एक ही दिन में दोनों प्रेमियों की मौत की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर तफ्तीश शुरू कर दी है और मौत की असली वजह तलाशने में जुटी है।
14 साल की शादीशुदा जिंदगी छोड़ भांजे संग लिव-इन में रहने लगी थी मामी
पुलिस और मृतका के परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतका रुनू मंडल की शादी करीब 14 साल पहले बनगांव इलाके में हुई थी। शादीशुदा जिंदगी ठीक चल रही थी, लेकिन रुनू का अपने मायके अक्सर आना-जाना लगा रहता था। इसी दौरान मायके में उसकी मुलाकात रिश्ते के भांजे देबाशीष मंडल से हुई। देखते ही देखते मामी और भांजे के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं और दोनों का यह रिश्ता कथित तौर पर गहरे प्रेम संबंध में तब्दील हो गया।
जब समाज और परिवार को इस ‘अवैध’ रिश्ते की भनक लगी, तो दोनों का भारी विरोध शुरू हुआ। इसके बाद परिवार और समाज से दूरी बनाकर दोनों ने बशीरहाट इलाके में एक किराए का मकान लिया और दुनिया से छिपकर पिछले कुछ महीनों से कथित तौर पर लिव-इन रिलेशनशिप (साथ-साथ) में रहने लगे थे।
एक ही दिन में दहला इलाका: रेलवे ट्रैक और बंद कमरे से मिलीं लाशें
वारदात के दिन सबसे पहले बशीरहाट रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक से पुलिस को रुनू मंडल का संदिग्ध शव बरामद हुआ। पुलिस अभी मामी की मौत की तफ्तीश कर ही रही थी कि तभी उन्हें सूचना मिली कि पास के ही एक किराए के मकान में एक युवक बेसुध पड़ा हुआ है। पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो कमरे का मुख्य दरवाजा अंदर से पूरी तरह लॉक था। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर जब कमरे के भीतर प्रवेश किया, तो वहां देबाशीष मंडल का शव पड़ा हुआ था। एक ही दिन, एक ही समय पर दोनों प्रेमियों की संदिग्ध मौत की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया।
परिजनों का सनसनीखेज दावा: मैंने देबाशीष को मार दिया है, अब खुद जान दे दूंगी
इस दोहरे मौत मामले में मृत युवक देबाशीष के परिजनों ने बेहद गंभीर और सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। परिवार का दावा है कि देबाशीष पिछले कुछ दिनों से इस अनैतिक रिश्ते को लेकर भारी मानसिक तनाव और अवसाद में जी रहा था। उसने हाल ही में अपने पिता को फोन कर इस दलदल से बाहर निकलने और दोबारा अपने घर लौटने की इच्छा जताई थी।
परिजनों का सबसे चौंकाने वाला आरोप यह है कि इस घटना से ठीक पहले रुनू मंडल ने देबाशीष के पिता को फोन किया था और फोन पर कहा था कि, “उसने देबाशीष को मार दिया है और अब वह खुद भी अपनी जान देने जा रही है।” हालांकि, स्थानीय पुलिस ने परिजनों के इन दावों की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन पुलिस इसे जांच का मुख्य हिस्सा मानकर चल रही है।
पोस्टमार्टम और कॉल डिटेल्स खंगालने में जुटी पुलिस
फिलहाल स्थानीय पुलिस दोनों मौतों को पूरी तरह संदिग्ध मानते हुए हर एंगल से तफ्तीश कर रही है। यह मर्डर और सुसाइड का मामला है या फिर इसके पीछे कोई तीसरा कोण है, इसका पता लगाने के लिए शवों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक साक्ष्यों का इंतजार किया जा रहा है। इसके साथ ही पुलिस दोनों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल्स (CDR) और आखिरी समय की लोकेशन को भी बारीकी से खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्य सामने आने के बाद ही इस रहस्यमयी मौत के पीछे की वास्तविक परिस्थितियां साफ हो पाएंगी।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal