PM Modi In Indonesia : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिआंतो के साथ योग्याकार्ता स्थित यूनेस्को विश्व धरोहर प्रम्बानन मंदिर परिसर का दौरा किया। इस दौरान दोनों देशों ने मंदिर के संरक्षण और जीर्णोद्धार परियोजना को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई तथा संयुक्त बयान जारी किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति सुबिआंतो ने वर्ष 2029 से पहले मंदिर के जीर्णोद्धार का कार्य पूरा करने का भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति योजनाबद्ध तरीके से काम करते हैं और उन्हें पूरा विश्वास है कि यह परियोजना समय पर पूरी होगी। पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें इस ऐतिहासिक और गौरवशाली धरोहर के संरक्षण अभियान का हिस्सा बनने पर गर्व है और वह 2029 से पहले फिर इंडोनेशिया आकर इस उपलब्धि का जश्न मनाना चाहेंगे।
क्या है प्रम्बानन मंदिर की विशेषता?
योग्याकार्ता शहर से लगभग 17 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित प्रम्बानन मंदिर इंडोनेशिया का सबसे बड़ा हिंदू मंदिर परिसर माना जाता है। 10वीं शताब्दी में निर्मित यह मंदिर मुख्य रूप से भगवान शिव को समर्पित है। यूनेस्को विश्व धरोहर सूची में शामिल इस परिसर में शिव, विष्णु और ब्रह्मा को समर्पित भव्य मंदिर हैं। मंदिर की दीवारों पर रामायण महाकाव्य की सुंदर नक्काशी इसकी सांस्कृतिक और धार्मिक महत्ता को और बढ़ाती है।
भारत-इंडोनेशिया के बीच कई अहम समझौते
मंदिर दौरे से पहले प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिआंतो के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई, जिसमें रक्षा, कृषि, लोकतांत्रिक सहयोग और तकनीकी क्षेत्रों पर चर्चा हुई। दोनों देशों ने भारतीय इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के अनुकूलित संस्करण के निर्यात को लेकर एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए। इसके अलावा ब्रह्मोस मिसाइल, कृषि सहयोग और अन्य रणनीतिक क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने पर भी सहमति बनी।
संरक्षण परियोजना में भारत देगा तकनीकी सहयोग
भारत और इंडोनेशिया ने प्रम्बानन मंदिर के संरक्षण एवं जीर्णोद्धार के लिए संयुक्त परियोजना शुरू करने पर सहमति जताई है। इस परियोजना के तहत भारत तकनीकी विशेषज्ञता और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएगा। मंदिर परिसर के दौरे के दौरान दोनों नेताओं ने इस परियोजना का औपचारिक शुभारंभ भी किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने यात्रा के दौरान सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि वह राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिआंतो के साथ प्रम्बानन मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे हैं। उन्होंने दोनों नेताओं की एक तस्वीर भी साझा की और मंदिर की भव्यता की सराहना की।
प्रधानमंत्री मोदी अपनी तीन देशों की यात्रा के पहले चरण में इंडोनेशिया पहुंचे थे। इस दौरे के बाद वह अगले चरण में ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना होंगे। इस यात्रा में न्यूजीलैंड भी शामिल है।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal