अमरनाथ यात्रा पंजीकरण में गड़बड़ी पर कार्रवाई, 4 शिक्षक सस्पेंड, CEO गांदरबल ने जारी किए आदेश

श्रीनगर। अमरनाथ यात्रा पंजीकरण प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के सामने आने के बाद जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। ट्रांजिट कैंप मनीगाम में ड्यूटी पर तैनात चार शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही मामले में एफआईआर दर्ज कराने की भी सिफारिश की गई है।

 

यह कार्रवाई मुख्य शिक्षा अधिकारी (CEO), गांदरबल ने ट्रांजिट कैंप मनीगाम के नोडल अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर की है। नोडल अधिकारी, जो असिस्टेंट कमिश्नर (रेवेन्यू) भी हैं, द्वारा भेजी गई रिपोर्ट में अमरनाथ यात्रा पंजीकरण प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी की जानकारी दी गई थी। इसके बाद निलंबन का आदेश जारी किया गया।

 

जारी आदेश के अनुसार, निलंबित किए गए शिक्षकों में बिलाल अहमद शेख (निवासी हरीपोरा कंगन), आबिद मोही-उद-दीन भट (निवासी मनीगाम), पीर मुदासिर शाह (निवासी वुस्सन) और गौहर राशिद कुल्लू (निवासी गुंड) शामिल हैं।

 

मुख्य शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि नोडल अधिकारी की रिपोर्ट में सामने आई कथित अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए चारों शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

 

सूत्रों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने संबंधित प्रकरण में एफआईआर दर्ज कराने की भी सिफारिश की है। जांच पूरी होने तक चारों शिक्षक निलंबित रहेंगे। प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com