अमरनाथ यात्रा पर एलजी मनोज सिन्हा का बड़ा एलान: फर्जी रजिस्ट्रेशन और अवैध वसूली करने वालों पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई

श्रीनगर : श्री अमरनाथ यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने बेहद कड़ा रुख अपना लिया है। शुक्रवार को बालटाल बेस कैंप पहुंचे उपराज्यपाल (LG) मनोज सिन्हा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बाबा बर्फानी के भक्तों की सुरक्षा और सहूलियत सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

 

इसलिए पूरी यात्रा को सुगम, सुरक्षित और बाधारहित बनाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि यात्रा के दौरान फर्जी पंजीकरण कराने वाले गिरोहों और श्रद्धालुओं से तय दाम से ज्यादा वसूली करने वाले तत्वों के खिलाफ बिना किसी रियायत के तत्काल एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

 

उपराज्यपाल ने स्वयं बालटाल में ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण केंद्र, बेस कैंप अस्पताल, तंबू, पेयजल व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और प्रशासनिक व सुरक्षा अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की।

 

समीक्षा बैठक के दौरान उपराज्यपाल ने कहा कि श्राइन बोर्ड, स्थानीय प्रशासन, पुलिस, भारतीय सेना और अन्य सभी सरकारी विभागों के बीच बेहतर तालमेल ही इस पवित्र यात्रा की सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने निर्देश दिए कि पंजीकरण प्रक्रिया से लेकर आवास, यात्रा मार्ग, स्वास्थ्य सेवाओं और बाबा बर्फानी के दर्शन तक की पूरी व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए कि किसी भी श्रद्धालु को कोई परेशानी न झेलनी पड़े।

 

मनोज सिन्हा ने रेखांकित किया कि श्री अमरनाथ यात्रा केवल आस्था का ही महापर्व नहीं है, बल्कि यह जम्मू-कश्मीर की स्थानीय अर्थव्यवस्था की भी रीढ़ है, जिससे स्थानीय होटल संचालकों, व्यापारियों, टट्टू मालिकों और पालकी सेवा प्रदाताओं जैसे हजारों छोटे कारोबारियों की आय में भारी बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने इस दौरान सफाई कर्मचारियों, डॉक्टरों, लंगर सेवा के स्वयंसेवकों और सुरक्षाकर्मियों की निस्वार्थ सेवा की दिल खोलकर सराहना की।

 

प्रशासनिक स्तर पर यात्रा को और बेहतर बनाने के लिए उपराज्यपाल ने पूरे यात्रा मार्ग की स्वच्छता व्यवस्था का व्यापक ऑडिट कराने के निर्देश दिए हैं, साथ ही भक्तों के लिए 24 घंटे साफ पेयजल और मार्ग में आरओ वाटर प्वाइंट्स की संख्या बढ़ाने की समीक्षा भी की। स्वास्थ्य सेवाओं की बात करें तो बालटाल और चंदनवाड़ी में स्थापित 100-100 बेड के अत्याधुनिक अस्पताल इस समय पूरी क्षमता के साथ काम कर रहे हैं।

 

जहां रोजाना औसतन 1300 से 1400 ओपीडी मरीजों का इलाज किया जा रहा है। यात्रा के आठवें दिन तक करीब 1.70 लाख से ज्यादा श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। अंत में उपराज्यपाल ने देश भर के श्रद्धालुओं से अपील की कि वे प्रशासन और श्राइन बोर्ड के नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर तुरंत कैंप निदेशक या सुरक्षाकर्मियों से संपर्क करें, जहां उन्हें तत्काल सहायता मुहैया कराई जाएगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com