MP By-Election 2026: दतिया में बीजेपी का टिकट कटते ही भीषण बवाल, NH-44 पर चक्काजाम और पुलिस पर भारी पथराव; एसपी समेत कई जवान घायल

दतिया। मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) द्वारा टिकट की घोषणा करते ही पूरे इलाके में भारी बवाल मच गया है। पूर्व गृह मंत्री और बीजेपी के कद्दावर नेता नरोत्तम मिश्रा को टिकट न मिलने से उनके समर्थक इस कदर भड़क उठे कि देखते ही देखते दतिया रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। कल रात हजारों की संख्या में आक्रोशित समर्थकों ने नेशनल हाईवे-44 (NH-44) को पूरी तरह ब्लॉक कर दिया। रातभर चला यह प्रदर्शन तड़के सुबह हिंसक हो गया, जिसके बाद उपद्रवियों ने पुलिस टीम पर भारी पथराव कर दिया। इस हमले में दतिया के एसपी मयूर खंडेलवाल और एडिशनल एसपी समेत 6 से अधिक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

 

दतिया में आधी रात को संग्राम, NH-44 पर लगा 15 किमी लंबा जाम

न्यूज़ एजेंसी ANI से बात करते हुए दतिया के एसपी मयूर खंडेलवाल ने बताया कि कल शाम 6 बजे से ही करीब 3,000 से ज्यादा उपद्रवी दतिया शहर का माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे थे। इन लोगों ने जबरन बाजार बंद कराए और नेशनल हाईवे पर बैठकर ‘चक्का जाम’ कर दिया। इसके चलते हाईवे पर करीब 15 किलोमीटर लंबा भीषण जाम लग गया, जिससे पड़ोसी जिलों की यातायात व्यवस्था भी पूरी तरह चरमरा गई।

 

प्रशासन की तरफ से एसपी और कलेक्टर ने प्रदर्शनकारियों से बार-बार जाम हटाने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे। सुबह करीब 4 बजे उपद्रवियों ने अचानक पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए पत्थरों से हमला बोल दिया।

 

आंसू गैस के गोले छोड़े, एसपी मयूर खंडेलवाल समेत कई पुलिसकर्मी अस्पताल में भर्ती

एसपी मयूर खंडेलवाल ने स्थिति की गंभीरता को बताते हुए कहा, ‘माहौल बिगड़ता देख पुलिस ने शुरुआत में आंसू गैस के गोले छोड़े, जिसके बाद उपद्रवियों की तरफ से पथराव और तेज हो गया। इस बर्बर हमले में मुझे, एडिशनल एसपी और हमारे 6 से अधिक जवानों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।’ इसके बाद पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार करते हुए दोबारा आंसू गैस का इस्तेमाल किया और लाठीचार्ज कर उपद्रवियों को खदेड़ा। पुलिस ने मौके से कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और बाकी उपद्रवियों को तुरंत सरेंडर करने की चेतावनी दी गई है।

 

बीजेपी जिला मंत्री का आरोप: ‘हम गा रहे थे रामधुन, पुलिस ने की बर्बरता’

दूसरी तरफ, भाजपा के जिला मंत्री भानु सिंह ने आजतक से बातचीत में पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा, ‘हम लोग बेहद शांतिपूर्ण तरीके से अपने भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से यह मांग कर रहे थे कि दतिया का जो टिकट घोषित हुआ है, उसे वापस लिया जाए और नरोत्तम मिश्रा जी को उम्मीदवार बनाया जाए। हम संवैधानिक रूप से अपनी मांग रख रहे थे। हम लोगों ने पूरी रात रामधुन गाकर बीजेपी से यह गुहार लगाई, लेकिन पुलिस प्रशासन, दतिया एसपी और कलेक्टर की बर्बरता देखिए कि भाजपा के कार्यकर्ताओं को भाजपा दफ्तर में ही कैद कर दिया गया। जब तक डॉ. नरोत्तम मिश्रा जी को टिकट नहीं मिलेगा, हम लोग चक्का जाम जारी रखेंगे।’

क्यों सुलग उठा दतिया? नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटना बनी वजह

दरअसल, इस पूरे सियासी बवाल की जड़ शुक्रवार को बीजेपी द्वारा जारी की गई उम्मीदवारों की सूची है। बीजेपी ने दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए अपने कद्दावर नेता नरोत्तम मिश्रा का पत्ता काटते हुए आशुतोष तिवारी को अपना आधिकारिक उम्मीदवार घोषित कर दिया। पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा और उनके समर्थकों को पूरा भरोसा था कि टिकट उन्हें ही मिलेगा, जिसके चलते उन्होंने नामांकन फॉर्म भी खरीद लिया था।

 

जैसे ही आशुतोष तिवारी के नाम का ऐलान हुआ, नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और वे सड़कों पर उतर आए। विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ समर्थक अपनी शर्ट उतारकर सड़क पर लेट गए और ‘नरोत्तम दादा’ को टिकट न मिलने पर बीजेपी छोड़ने तक की धमकी देने लगे। हालांकि, टिकट मिलने के बाद आशुतोष तिवारी ने डैमेज कंट्रोल की कोशिश करते हुए कहा कि नरोत्तम मिश्रा उनके अभिभावक हैं और उन्होंने उनके लिए चुनाव प्रचार करने की बात कही है।

 

आखिर दतिया में क्यों हो रहा है उपचुनाव? जानें पूरा समीकरण

दतिया सीट का इतिहास बेहद दिलचस्प रहा है। साल 2023 के मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के नेता राजेन्द्र भारती ने तत्कालीन गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को 7,500 से अधिक वोटों से हराकर बड़ा उलटफेर किया था। लेकिन इसी साल (2026) अप्रैल में दिल्ली की एक अदालत ने राजेंद्र भारती को धोखाधड़ी के एक मामले में 3 साल की सजा सुना दी।

 

नियमों के मुताबिक, सजा मिलने के कारण राजेंद्र भारती की विधायकी रद्द हो गई, जिसके चलते दतिया विधानसभा सीट खाली हो गई और अब यहां उपचुनाव कराया जा रहा है। चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, इस सीट पर 30 जुलाई को वोट डाले जाएंगे और 3 अगस्त को चुनावी नतीजे घोषित होंगे। फिलहाल दतिया में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और भारी पुलिस बल तैनात है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com