टीवी अभिनेता रोहित चंदेल गिरफ्तार

मुंबई : टीवी धारावाहिक ‘पांड्या स्टोर’ से लोकप्रिय हुए अभिनेता रोहित चंदेल को मुंबई पुलिस ने 16 वर्षीय नाबालिग लड़की से कथित छेड़छाड़, पीछा करने और मारपीट के आरोप में गिरफ्तार किया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपित को 10 जुलाई को दहिसर स्थित उसके आवास से गिरफ्तार कर विशेष अदालत में पेश किया गया।

 

पुलिस के मुताबिक, शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रोहित चंदेल पिछले कुछ समय से नाबालिग को उसके निजी और अन्य मोबाइल नंबरों पर बार-बार फोन कर परेशान कर रहे थे। आरोप है कि 5 जुलाई को अभिनेता पीड़िता के घर के पास पहुंचे, जहां उन्होंने उसका पीछा किया, गाली-गलौज की और मारपीट भी की। पुलिस ने इस मामले में बीएनएस की धारा 78 (पीछा करना) और धारा 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) के साथ पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।

 

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपित और पीड़िता पहले से एक-दूसरे को जानते थे, हालांकि दोनों के संबंधों की प्रकृति को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी शेयर नहीं की गई है। मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी। वहीं, रोहित चंदेल या उनकी टीम की ओर से अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

 

रोहित चंदेल ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत वर्ष 2014 में टीवी शो ‘हर मुश्किल का हल अकबर बीरबल’ से की थी। इसके बाद उन्होंने ‘काशीबाई बाजीराव बल्लाल’, ‘पांड्या स्टोर’ और ‘सैराब’ जैसे धारावाहिकों में अभिनय किया। ‘पांड्या स्टोर’ में धवल मकवाना के किरदार से उन्हें व्यापक पहचान मिली थी। फिलहाल इस मामले में पुलिस की जांच जारी है और अदालत में आरोपों की पुष्टि होना बाकी है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com