कश्मीर के अनंतनाग में प्रकृति का तांडव: 60 मिनट में दो बार फटा बादल, पहलगाम के होटलों में घुसा सैलाब; अलर्ट जारी

श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में शनिवार रात महज एक घंटे के भीतर दो बार बादल फटने की घटनाओं ने भारी तबाही मचा दी। बादल फटने के बाद पहलगाम और शांगस क्षेत्र में अचानक आई बाढ़ से कई होटल, रिसॉर्ट, घर और खेत जलमग्न हो गए। तेज बहाव अपने साथ कीचड़, बड़े पत्थर और पेड़ों का मलबा भी लेकर आया, जिससे कई इलाकों में व्यापक नुकसान हुआ। हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली है।

 

पहली घटना शांगस के चटरगुल के ऊपरी पर्वतीय क्षेत्र में हुई, जहां बादल फटने के बाद आरिपथ नाले का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। नाले में आए उफान का पानी आसपास के खेतों और सेब के बागानों में घुस गया, जिससे किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा। स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ ही मिनटों में पूरा इलाका जलमग्न हो गया।

 

इसके करीब एक घंटे बाद पहलगाम स्थित ओवेरा वाइल्डलाइफ सैंक्चुअरी क्षेत्र में दूसरा बादल फटा। इसके चलते ओवेरा नाले में अचानक आई बाढ़ का पानी आसपास के आधा दर्जन से अधिक होटलों, रिसॉर्ट्स और रिहायशी मकानों में घुस गया। अचानक आई इस आपदा से पर्यटकों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

 

घटना के बाद जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया। होटल परिसर में फंसे पर्यटकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, जबकि भूस्खलन से प्रभावित सड़कों से मलबा हटाने का काम जारी है। कई मार्गों पर यातायात भी प्रभावित हुआ है।

 

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान कश्मीर के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने अनंतनाग जिले में अलर्ट जारी करते हुए स्थानीय लोगों और पर्यटकों को आरिपथ व ओवेरा नालों सहित सभी जलस्रोतों से दूर रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। राहत एजेंसियां फिलहाल नुकसान का आकलन करने और प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति सामान्य करने में जुटी हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com