राजस्थान हाई कोर्ट की जयपुर और जोधपुर पीठ को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, तलाशी में कुछ नहीं मिला

जयपुर/जोधपुर : राजस्थान उच्च न्यायालय की जयपुर और जोधपुर पीठ को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद न्यायिक एवं प्रशासनिक तंत्र में हड़कंप मच गया। धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने दोनों परिसरों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, जिसके बाद न्यायालय की नियमित कार्यवाही शुरू कर दी गई।

 

उच्च न्यायालय प्रशासन को रात 12 बजकर 19 मिनट पर प्राप्त ई-मेल में दावा किया गया कि न्यायालय परिसर में छह जिलेटिन बम लगाए गए हैं। ई-मेल में लिखा गया कि आमजन को नुकसान पहुंचाना उद्देश्य नहीं है, लेकिन इमारत को क्षति पहुंचेगी। सोमवार सुबह ई-मेल देखने के बाद प्रशासन ने तत्काल सुरक्षा एजेंसियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड ने न्यायालय परिसर की सघन तलाशी ली। जांच में किसी प्रकार का विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने के बाद सुबह करीब साढ़े नौ बजे परिसर को खोल दिया गया। समय रहते तलाशी पूरी होने से न्यायालय की कार्यवाही बाधित नहीं हुई।

 

पुलिस के अनुसार धमकी किसी अज्ञात ई-मेल आईडी से भेजी गई है। ई-मेल के स्रोत और प्रेषक की पहचान के लिए साइबर विशेषज्ञों की सहायता ली जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच जारी है।

 

जयपुर स्थित राजस्थान उच्च न्यायालय पीठ को पिछले लगभग साढ़े आठ माह में यह 13वीं बार बम से उड़ाने की धमकी मिली है। 31 अक्टूबर, 2025 को पहली बार धमकी भरा ई-मेल मिला था। इसके बाद 5 दिसंबर तथा 8, 9, 10 और 11 दिसंबर 2025 को भी इसी प्रकार के ई-मेल प्राप्त हुए। वर्ष 2026 में 6, 17, 19 और 20 फरवरी, 17 मार्च तथा 13 अप्रैल को भी धमकी मिल चुकी है।

 

हाल ही में जोधपुर स्थित प्रादेशिक परिवहन कार्यालय (आरटीओ) को भी ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उस मामले में भी जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी। लगातार मिल रही ऐसी धमकियों के चलते सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और सभी मामलों की गहन जांच कर रही हैं।—————————–

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com