ताहिर हुसैन पर कोर्ट के फैसले का भाजपा ने किया स्वागत, केजरीवाल की चुप्पी पर उठाए सवाल

नई दिल्ली : दिल्ली दंगों के दौरान आईबी अधिकारी अंकित शर्मा की हत्या के मामले में अदालत के फैसले का स्वागत करते हुए भारतीय जनता पार्टी ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा ने कहा कि अदालत के फैसले ने स्पष्ट कर दिया है कि आईबी अधिकारी अंकित शर्मा की ड्यूटी के दौरान जघन्य हत्या की गई थी और इस मामले में दोषियों को सजा मिली है।

 

भाजपा मुख्यालय में मंगलवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि दिल्ली दंगों के मामले में कोर्ट ने तत्कालीन आम आदमी पार्टी के पार्षद ताहिर हुसैन सहित जावेद, अनस, नाजिम और कासिम को दोषी ठहराया है। कोर्ट ने माना कि दोषियों ने साजिश और साझा उद्देश्य के तहत वारदात को अंजाम दिया। अदालत ने अपने फैसले में कहा कि अंकित शर्मा की हत्या व्यापक साजिश का हिस्सा थी।

 

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि घटना के समय अरविंद केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री थे और ताहिर हुसैन उनकी पार्टी के निर्वाचित पार्षद थे। उन्होंने कहा कि संसद में मार्च 2020 के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भरोसा दिलाया था कि दंगों के सभी आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और किसी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि अदालत का फैसला न्याय, कानून और संविधान की जीत है।

 

गौरव भाटिया ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि नागरिकता संशोधन कानून को लेकर विपक्ष ने देश में भ्रम फैलाया और लोगों को भड़काने का काम किया। उन्होंने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे से सवाल किया कि सीएए लागू होने के बाद कितने मुसलमानों की नागरिकता गई। उन्होंने कहा कि इसका जवाब “शून्य” है।

 

उन्होंने आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह खान के उस बयान की भी आलोचना की, जिसमें उन्होंने अदालत के फैसले को “दुर्भाग्यपूर्ण” बताया था। उन्होंने कहा कि अदालत ने साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर फैसला सुनाया है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com