नई दिल्ली : देश के पूर्वोत्तर और पश्चिमोत्तर हिस्से में अगले 4-5 दिनों के दौरान मानसून के सक्रिय रहने के आसार हैं। जबकि पश्चिम-मध्य और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के कुछ क्षेत्रों में वर्षा कम होने का अनुमान है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली में मंगलवार सुबह से दोपहर के बीच कुछ जगहों पर तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश और कुछ जगहों पर भारी बारिश होने के आसार हैं। इस दिन का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 31- 33 डिग्री सेल्सियस और 24-26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। 22 जुलाई को सुबह से दोपहर तक कई जगहों पर हल्की बारिश और कुछ जगहों पर मध्यम बारिश हो सकती है। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 31-33 डिग्री सेल्सियस और 22-24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। 23 जुलाई को सुबह से दोपहर तक अधिकतर जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दिन का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 32-34 डिग्री सेल्सियस और 21- 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
आईएमडी के अनुसार आज कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई जिससे मौसम सुहावना हो गया और उमस भरी गर्मी से कुछ राहल मिली।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 4-5 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम और उत्तर-पूर्व भारत में मानसून के सक्रिय रहने की संभावना है। 21 जुलाई को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं। अगले 7 दिनों तक पश्चिम-मध्य और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में बारिश की गतिविधि कम रहने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले छह दिनों के दौरान व्यापक बारिश होने की संभावना है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में 21-23 जुलाई के दौरान व्यापक बारिश हो सकती है।
मध्य भारत के पश्चिमी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश के अगले छह दिनों के दौरान झमाझम वर्षा होगी। पूर्वी भारत के अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, बिहार, ओडिशा में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले पांच दिनों के दौरान बारिश होने की संभावना है।
पश्चिम भारत के गुजरात, मध्य महाराष्ट्र के कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा हो सकती है। दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 21-26 जुलाई के दौरान कुछ जगहों पर छिटपुट बारिश या कुछ जगहों पर भारी बारिश होने का अनुमान है।
इसके अलावा, इन क्षेत्रों में इसी दौरान तूफानी हवाएं भी चलने के आसार हैं। इससे जन-जीवन प्रभावित हो सकता है।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal