उज्जैन में बाबा महाकाल की शरण में पहुंचे ‘रक्तांचल-3’ के कलाकार

उज्जैन : हाल ही में ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुई चर्चित वेब सीरीज ‘रक्तांचल-3’ की स्टारकास्ट बुधवार तड़के मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंची। अभिनेता निकितिन धीर, क्रांति प्रकाश झा और ‘पंचायत’ फेम चंदन राय ने तड़के होने वाली प्रसिद्ध भस्म आरती में हिस्सा लिया और बाबा महाकाल का विशेष पूजन व जलाभिषेक कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

 

अपनी वेब सीरीज ‘रक्तांचल-3’ के प्रचार-प्रसार के सिलसिले में इंदौर आई कलाकारों की टीम ने मंगलवार को मीडिया से रूबरू होने के बाद बुधवार तड़के उज्जैन पहुंचकर बाबा महाकाल के दर्शन किए। तड़के करीब चार बजे अभिनेता निकितिन धीर, क्रांति प्रकाश झा और वेब सीरीज ‘पंचायत’ में ‘विकास’ (सहायक सचिव) का किरदार निभाने वाले चंदन राय सीधे मंदिर परिसर पहुंचे। सभी कलाकारों ने लगभग दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर भस्म आरती के दर्शन किए।

 

भस्म आरती संपन्न होने के उपरांत सभी कलाकारों ने वैदिक परंपरा के अनुसार नंदी महाराज का विशेष पूजन किया और उनके कान में अपनी मनोकामना कही। इसके पश्चात कलाकारों ने चांदी द्वार से भगवान महाकाल का जल और दूध से अभिषेक कर विधिवत पूजा-अर्चना की। गर्भगृह में दर्शन पूजन के बाद उन्होंने मंदिर प्रांगण में स्थित अन्य देवी-देवताओं की चौखट पर भी शीश नवाया और देश भर के प्रशंसकों व अपनी कला की सफलता के लिए प्रार्थना की।

 

दर्शन और पूजन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए अभिनेता क्रांति प्रकाश झा अपने भावों को रोक नहीं सके और काफी भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल के अलौकिक दरबार में आकर उन्हें जो असीम शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा मिली है, उसे शब्दों में व्यक्त कर पाना नामुमकिन है। कलाकारों ने कहा कि महाकाल नगरी आकर भस्म आरती का हिस्सा बनना उनके लिए एक अविस्मरणीय और सौभाग्यशाली क्षण है।

 

—————

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com