पुलिस कार्रवाई नहीं किए जाने का आश्वासन मिलने पर तोड़ दूंगा अनशनः वांगचुक

नई दिल्ली : शिक्षाविद् एवं सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह को पत्र लिखकर कहा है कि आंदोलन में शामिल युवाओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं किए का आश्वासन मिलने पर वे अपना अनिश्चितकालीन अनशन तोड़ देंगे। वांगचुक ने अपना यह पत्र एक्स पर साझा किया है।

 

वांगचुक ने पत्र में कहा, “यदि सरकार प्रदर्शन में शामिल युवाओं के खिलाफ किसी भी प्रकार की दंडात्मक या कानूनी कार्रवाई न करने का स्पष्ट आश्वासन देती है, तो वह विश्वास के साथ अपना अनशन समाप्त कर देंगे।”

 

वांगचुक ने दोनों केंद्रीय मंत्रियों का अस्पताल आकर उनसे मुलाकात करने और अनशन समाप्त करने की अपील करने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान मंत्रियों ने परीक्षा प्रश्नपत्र लीक के बाद आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को उचित मुआवजा देने और संसद में इस मुद्दे पर सार्थक चर्चा कराने सहित शिक्षा मंत्री की जवाबदेही तथा उनके इस्तीफे पर विचार को लेकर सकारात्मक आश्वासन दिया।

 

वांगचुक ने कहा कि 20 जुलाई को आयोजित संसद मार्च पुलिस की कथित सख्ती और बल प्रयोग के बावजूद पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस आंदोलन में शामिल लोगों के खिलाफ कोई कानूनी मामला, उत्पीड़न या प्रतिशोधात्मक कार्रवाई नहीं होगी।

 

उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्रियों की मुलाकात के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों के लगभग 65 सांसदों ने भी उन्हें पत्र लिखकर और व्यक्तिगत रूप से मिलकर अनशन समाप्त करने की अपील की है।

 

वांगचुक ने कहा कि वह देश, छात्रों और शिक्षा के लिए अपना काम जारी रखना चाहते हैं, लेकिन उन युवाओं की कीमत पर नहीं, जिनके लिए यह आंदोलन शुरू किया गया। अन्यथा उन्हें अपना अनशन अनिश्चितकाल तक जारी रखने के लिए विवश होना पड़ेगा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com