अशनीर ग्रोवर की बायोपिक से अलग हुए आमिर खान, नए अभिनेता की तलाश शुरू

उद्योगपति अशनीर ग्रोवर के जीवन पर बनने वाली प्रस्तावित बायोपिक को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिनेता आमिर खान अब इस फिल्म का हिस्सा नहीं हैं। इससे पहले खबरें थीं कि आमिर फिल्म में अशनीर ग्रोवर की मुख्य भूमिका निभाएंगे, जबकि निर्देशन की जिम्मेदारी राहुल मोदी संभालेंगे और श्रद्धा कपूर प्रमुख भूमिका में नजर आएंगी। अब आमिर के प्रोजेक्ट से अलग होने के बाद निर्माताओं ने नए अभिनेता की तलाश शुरू कर दी है।

 

रिपोर्ट के अनुसार, आमिर और निर्देशक राहुल मोदी के बीच फिल्म की कहानी और प्रस्तुति को लेकर रचनात्मक मतभेद सामने आए। बताया जा रहा है कि आमिर ने स्क्रिप्ट पर भी काफी काम किया था और इसे अपनी दृष्टि के अनुसार बेहतर बनाने की कोशिश की, लेकिन दोनों के विचारों में सहमति नहीं बन सकी। इसी वजह से आमिर ने फिल्म से अलग होने का फैसला लिया। हालांकि, इस संबंध में अभी तक आमिर खान या फिल्म निर्माताओं की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

 

बताया जा रहा है कि राहुल मोदी अब भी इस परियोजना से जुड़े हुए हैं और श्रद्धा कपूर भी फिल्म का हिस्सा बनी हुई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, श्रद्धा फिल्म में अशनीर ग्रोवर की पत्नी माधुरी जैन ग्रोवर का किरदार निभाने के साथ-साथ सह-निर्माता की भूमिका भी निभा सकती हैं। अब निर्माताओं की नजर एक युवा अभिनेता पर है, जो अशनीर ग्रोवर की भूमिका निभा सके। सूत्रों के अनुसार, इस किरदार के लिए कई कलाकारों से बातचीत जारी है और जल्द ही अंतिम नाम तय किया जा सकता है। दूसरी ओर, आमिर खान इन दिनों राजकुमार हिरानी के निर्देशन में बन रही ‘3 इडियट्स’ के सीक्वल की शूटिंग में व्यस्त हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com