नई दिल्ली : नीट प्रश्नपत्र लीक और छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ विपक्षी सांसदों ने आज संसद परिसर के मकर द्वार पर प्रदर्शन किया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव, राजीव रंजन ‘पप्पू यादव’, धर्मेंद्र यादव, रामगोपाल यादव समेत तमाम विपक्षी सांसद इस विरोध में शामिल हुए।
विपक्षी सांसदों ने हाथों में बड़े पोस्टर ले रखे थे, जिन पर लिखा था, ‘लोकतंत्र मर रहा है’। साथ ही इन सांसदों ने ‘धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो’ के नारे लागाए। कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने एक्स पर लिखा कि विपक्षी सांसद देश के युवाओं के लिए एकजुट होकर लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा पूरी तरह घबराई हुई है और अपनी छवि बचाने के लिए झूठ और धमकियों का सहारा ले रही है। विपक्ष अपनी मूल मांगों से पीछे नहीं हटेगा, जिसकी शुरुआत केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से होती है।
सीपीआई(एम) सांसद जॉन ब्रिटास ने संसद परिसर में कहा कि विपक्ष का विरोध केवल संसद तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सड़क पर भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अडिग है और एक इंच भी पीछे नहीं हटेगा।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal