तीन समर्पित रासायनिक पार्क स्थापित करने की भव्य-रसायन योजना को मंजूरी

नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने देश में तीन समर्पित रासायनिक पार्क स्थापित करने के लिए भारत औद्योगिक विकास योजना रसायन (भव्य-रसायन योजना) को मंजूरी दी है। इस योजना की घोषणा वित्त वर्ष 2026-27 के केंद्रीय बजट में की गई थी।

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में देश में तीन समर्पित रासायनिक पार्क स्थापित करने को आज मंजूरी दी गई। इसके लिए कुल 3,030 करोड़ रुपये का वित्तीय आवंटन किया जाएगा। इसमें से 3,000 करोड़ रुपये पार्क की भीतरी अवसंरचना सुविधाओं और बुनियादी उपयोगिताओं की स्थापना की लागत को पूरा करने और 30 करोड़ रुपये प्रशासनिक व्यय के रूप में आवंटित किए जाएंगे।

 

यह योजना वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक पांच वर्षों की अवधि के लिए लागू रहेगी। सरकार उक्त योजना के तहत प्रत्येक पार्क के लिए संबंधित राज्य सरकार की ओर से न्यूनतम 500 करोड़ रुपये का योगदान करने के बाद 1,000 करोड़ रुपये तक का अनुदान प्रदान करेगी ।

 

केन्द्रीय मंत्री अश्वनी वैष्णव ने शुक्रवार को फैसलों की जानकारी देते हुए कहा कि भव्य रसायन योजना से देश में रसायन उद्योग की पूरी मूल्य श्रृंखला को मजबूती मिलने की उम्मीद है। यह योजना साझा बुनियादी ढांचे और आधुनिक सुविधाओं के माध्यम से उत्पादन लागत तथा माल ढुलाई खर्च कम करेगी, जिससे भारतीय उद्योग की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ेगी।

 

इसके साथ ही निर्यात को बढ़ावा मिलेगा और आयात पर निर्भरता घटेगी। साझा अपशिष्ट उपचार और खतरनाक कचरा प्रबंधन जैसी पर्यावरण-अनुकूल सुविधाओं से सतत औद्योगिक विकास सुनिश्चित होगा। योजना से घरेलू और विदेशी निवेश आकर्षित होंगे, रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे तथा कृषि, दवा, वस्त्र, ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे क्षेत्रों को भी लाभ मिलेगा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com