खैबर पख्तूनख्वा के टैंक में आतंकी हमले में 14 सुरक्षाकर्मी समेत 15 की मौत, जवाबी कार्रवाई में 12 हमलावर ढेर

इस्लामाबाद : पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के टैंक जिले में एक संयुक्त पुलिस चेकपोस्ट पर हुए आतंकी हमले में 14 सुरक्षाकर्मियों समेत 15 लोगों की मौत हो गई। पाकिस्तान सेना के मीडिया विंग इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) के अनुसार, सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई में 12 आतंकवादियों को मार गिराया।

 

आईएसपीआर के हवाले से जीओ न्यूज ने बताया कि 23 और 24 जुलाई की दरमियानी रात आतंकवादियों ने चेकपोस्ट की सुरक्षा घेराबंदी तोड़ने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा बलों ने तत्काल कार्रवाई कर उनके प्रयास को विफल कर दिया। इसके बाद भाग रहे आतंकवादियों का पीछा करते हुए 12 हमलावरों को मार गिराया गया।

 

सेना ने बताया कि हमला विफल होने के बाद आतंकवादियों ने विस्फोटकों से लदे वाहन को चेकपोस्ट की बाहरी दीवार से टकरा दिया। इस शक्तिशाली विस्फोट में चेकपोस्ट को भारी नुकसान पहुंचा और 15 लोगों की जान चली गई। मृतकों में सेना के 12 जवान, दाे पुलिस कर्मी और वन विभाग के एक पूर्व सरकारी अधिकारी शामिल हैं।

 

आईएसपीआर ने कहा कि इलाके में बचे हुए आतंकवादियों की तलाश के लिए सैनिटाइजेशन ऑपरेशन जारी है। सेना ने दोहराया कि देश से आतंकवाद के खतरे को समाप्त करने के लिए सुरक्षा बल और कानून प्रवर्तन एजेंसियां आतंकवाद विरोधी अभियान लगातार जारी रखेंगी।

 

हमले के बाद पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इसकी कड़ी निंदा की। दोनों नेताओं ने शहीद सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की और ऑपरेशन में 12 आतंकवादियों को मार गिराने के लिए सुरक्षा बलों की सराहना की।

 

पाकिस्तान में वर्ष 2021 में अफगानिस्तान में तालिबान के सत्ता में लौटने के बाद से, विशेषकर खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में आतंकवादी घटनाओं में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। इसी पृष्ठभूमि में पाकिस्तान सरकार आतंकवाद के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है।—————–

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com