एफआईएच यूथ हॉकी5एस एशियाई चैंपियनशिप: पाकिस्तान को 3-1 से हराकर भारत बना चैंपियन

मस्कट (ओमान) : भारतीय सब-जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने एफआईएच यूथ हॉकी5एस एशियाई चैंपियनशिप 2026 का खिताब जीत लिया। फाइनल में भारत ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 3-1 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

 

वहीं, भारतीय सब-जूनियर महिला टीम ने फाइनल में चीन से संघर्षपूर्ण मुकाबले में हारने के बावजूद रजत पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया।

 

फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। पहले हाफ के पांचवें मिनट में रोमित पाल ने गोल कर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ में कप्तान केतन कुशवाहा ने 12वें मिनट में गोल कर बढ़त दोगुनी कर दी। इसके एक मिनट बाद ही शाहरुख अली ने गोल दागकर स्कोर 3-0 कर दिया।

 

पाकिस्तान की ओर से मुहम्मद उस्मान ने 16वें मिनट में एक गोल कर वापसी की कोशिश की, लेकिन भारतीय रक्षा पंक्ति ने शानदार खेल दिखाते हुए पाकिस्तान को कोई और मौका नहीं दिया और 3-1 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया।

 

भारतीय पुरुष टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अपराजित रहते हुए शानदार प्रदर्शन किया। टीम एलीट पूल में शीर्ष पर रही और फिर फाइनल जीतकर एशियाई चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

 

फाइनल में पहुंचने के साथ ही भारत और पाकिस्तान दोनों ने उद्घाटन एफआईएच यूथ हॉकी5एस विश्व कप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।

 

महिला वर्ग में भारतीय सब-जूनियर टीम ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया। हालांकि खिताबी मुकाबले में चीन से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन टीम ने रजत पदक जीतकर भारत की झोली में एक और उपलब्धि जोड़ दी।

 

हॉकी इंडिया ने नकद पुरस्कार की घोषणा की

 

दोनों टीमों के शानदार प्रदर्शन से उत्साहित हॉकी इंडिया ने खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए नकद पुरस्कार की घोषणा की है। स्वर्ण पदक जीतने वाली पुरुष टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को 2 लाख रुपये, जबकि सहयोगी स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को 1 लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं, रजत पदक जीतने वाली महिला टीम की प्रत्येक खिलाड़ी को 1 लाख रुपये और सहयोगी स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को 50 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा।

 

—————

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com