राष्ट्रपति यूरोप के तीन देशों की यात्रा कर स्वदेश लौटीं

नई दिल्ली : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु यूरोप के तीन देशों की यात्रा पूरी करने के बाद रविवार को दिल्ली लौट आईं। राष्ट्रपति के आधिकारक एक्स हैंडल पर यह जानकारी साझा की गई। उनकी यह यात्रा भारत के साथ इन देशों के द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से हुई। राष्ट्रपति ने अपनी यात्रा की शुरुआत 20 जुलाई को मोल्दोवा से की। यह किसी भारतीय राष्ट्राध्यक्ष की मोल्दोवा की पहली यात्रा रही।

 

राष्ट्रपति मुर्मु इसके बाद 21 और 22 जुलाई को उत्तरी मैसेडोनिया के दौरे पर रहीं। राष्ट्रपति ने उत्तरी मैसेडोनिया की संसद को भी संबोधित किया और भारत-उत्तरी मैसेडोनिया बिजनेस फोरम के उद्घाटन सत्र में भी हिस्सा लिया। यात्रा के अंतिम चरण में राष्ट्रपति मुर्मु 23 जुलाई को रोमानिया पहुंचीं। तीन दशक से ज्यादा समय में यह किसी भारतीय राष्ट्राध्यक्ष की रोमानिया की पहली यात्रा रही। इस दौरान भारत और रोमानिया ने अगले तीन वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने पर सहमति जताई। दोनों देशों ने रक्षा समेत कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग मजबूत करने पर भी चर्चा की।

 

स्वदेश रवाना होने से पहले राष्ट्रपति ने शनिवार को रोमानिया में भारतीय समुदाय और फ्रेंड्स ऑफ इंडिया संगठन के सदस्यों से भी मुलाकात की। इस दौरे में केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्यमंत्री निमुबेन जयंतीभाई बांभणिया, सांसद दिनेश शर्मा और सांसद विजय बघेल भी राष्ट्रपति के साथ रहे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com