प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ में मप्र के जलसंरक्षण कार्यों को सराहा, सीधी के तालाबों और नरसिंहपुर के अमृत सरोवरों का किया जिक्र

भोपाल : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम में ‘कैच द रेन’ अभियान पर चर्चा के दौरान मध्य प्रदेश के सीधी और नरसिंहपुर में जलसंरक्षण के लिए हुए कार्यों का उल्लेख करते हुए राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मध्य प्रदेश के सीधी जिले में लगभग 1500 तालाब बनाए गए हैं, नरसिंहपुर में अमृत सरोवरों को संवारा गया है। उन्होंने कहा कि बारिश की हर बूंद को सहेजने के अभियान को जन आंदोलन बनाना आवश्यक है।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों से अपने आसपास तालाब, कुएं या बावड़ी की जिम्मेदारी लेने और पानी की हर बूंद बचाने के अभियान में साथ आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज बचाई गई हर बूंद, आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी है। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निवाड़ी जिले की पर्यटन और धार्मिक नगरी ओरछा में कंचना घाट पर प्रधानमंत्री मोदी के “मन की बात” कार्यक्रम को सुना। इस अवसर पर पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन कल्याण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण मंत्री और निवाड़ी जिले के प्रभारी मंत्री नारायन सिंह कुशवाह तथा जनप्रतिनिधि और स्थानीयजन उपस्थित थे।

 

जहां जब बारिश गिरे-पानी को वहीं सहेजिए

 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ‘कैच द रेन’ का संदेश बहुत सीधा है, जहां जब बारिश गिरे, पानी को वहीं सहेजिए, इसीलिए 4 जुलाई से देशभर में विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है, इसके तहत बारिश के पानी के संचयन, ग्राउंड वॉटर रिचार्ज, पुराने जल स्त्रोतों के पुर्नजीवन और वृक्षारोपण को नई गति दी जा रही हैं। गांव हो या शहर, पंचायतें हो या सामाजिक संस्थाएं हर जगह लोगों ने बढ़-चढ़ कर भागीदारी की है । कहीं पुराने तालाबों से गाद निकाली जा रही है, कहीं कुओं और बावड़ियों को फिर से जीवंत किया जा रहा है। बंद पड़े बोरवेल अब ग्राउंड वाटर रिचार्ज का माध्यम बन रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में महाराष्ट्र, आंध्रप्रदेश, छत्तीसगढ़ और उड़ीसा में हुए कार्यों के उत्साह जनक परिणामों का भी उल्लेख किया। राज्यसभा सांसद महेश केवट, विधायक निवाड़ी अनिल जैन भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com