लोकसभा अध्यक्ष, केंद्रीय गृहमंत्री व अन्य ने दी डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि

नई दिल्ली : देश के पूर्व राष्ट्रपति, महान वैज्ञानिक और भारत रत्न डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय गृह एवं सहकारितामंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्रियों समेत राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने डॉ. कलाम के वैज्ञानिक योगदान, सादगीपूर्ण जीवन, राष्ट्रसेवा और युवाओं को प्रेरित करने वाले व्यक्तित्व को याद करते हुए उन्हें राष्ट्र का अमूल्य रत्न बताया।

 

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि डॉ. कलाम विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के दूरदर्शी स्वप्नदृष्टा थे। उन्होंने स्वदेशी मिसाइल एवं अंतरिक्ष कार्यक्रमों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया और ज्ञान, अनुशासन, सादगी तथा राष्ट्रसेवा को अपने जीवन का आधार बनाया। उन्होंने डॉ. कलाम के प्रसिद्ध कथन “सपने वे नहीं जो नींद में आते हैं, सपने वे हैं जो आपको सोने न दें” का उल्लेख करते हुए कहा कि यह आज भी युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।

 

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने डॉ. कलाम को भारत के अंतरिक्ष और मिसाइल कार्यक्रमों का दूरदर्शी सूत्रधार बताते हुए कहा कि विज्ञान के क्षेत्र में उनकी असाधारण उपलब्धियों ने भारत को एक मजबूत रणनीतिक शक्ति बनाने का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने कहा कि “जनता के राष्ट्रपति” के रूप में डॉ. कलाम सदैव देशभक्तों के आदर्श बने रहेंगे।

 

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने उन्हें “पीपल्स प्रेसिडेंट”, “मिसाइल मैन ऑफ इंडिया” और असाधारण वैज्ञानिक बताते हुए कहा कि भारत की स्वदेशी मिसाइल एवं रणनीतिक रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने में उनकी भूमिका ऐतिहासिक रही। उन्होंने कहा कि उनका सादगीपूर्ण और ईमानदार जीवन आने वाली पीढ़ियों को बड़े सपने देखने और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।

 

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्गमंत्री नितिन गडकरी ने पूर्व राष्ट्रपति एवं ‘मिसाइल मैन’ डॉ. कलाम को स्मृति दिवस पर सादर अभिवादन किया। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि डॉ. कलाम ने भारत को सामरिक एवं परमाणु प्रतिरोधक क्षमता के क्षेत्र में सशक्त बनाने में अमूल्य योगदान दिया। उन्होंने अग्नि और पृथ्वी मिसाइल कार्यक्रम, एसएलवी-3 के विकास, रोहिणी उपग्रह के सफल प्रक्षेपण तथा पोखरण-II परमाणु परीक्षणों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करता रहेगा।

 

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने डॉ. कलाम को भारत को परमाणु संपन्न बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला महान वैज्ञानिक बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि उनके विचार और आदर्श जीवन युवा पीढ़ी का मार्गदर्शन करते रहेंगे। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि राष्ट्र उत्थान के लिए समर्पित डॉ. कलाम का जीवन शिक्षित, सशक्त और गौरवशाली भारत के निर्माण की प्रेरणा देता रहेगा।

 

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि डॉ. कलाम ने अपनी दूरदर्शिता, स्वदेशी मिसाइल तकनीक और नवाचार से भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई। उनका सादगीपूर्ण जीवन और उच्च विचार सदैव राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देते रहेंगे। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि डॉ. कलाम ने भारत को परमाणु शक्ति के रूप में स्थापित करने में अहम योगदान दिया। विज्ञान, शिक्षा और राष्ट्र निर्माण के प्रति उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।

 

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने डॉ. कलाम को ज्ञान, विज्ञान और नवाचार का प्रतीक बताते हुए कहा कि उनके आदर्श और कर्मनिष्ठ जीवन से करोड़ों युवा प्रेरणा लेते रहेंगे। आम आदमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने डॉ. कलाम को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने छात्रों में विज्ञान के प्रति रुचि जगाने और शिक्षा के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण का सपना देखा। उन्होंने कहा कि डॉ. कलाम हमेशा एक शिक्षक के रूप में याद किया जाना चाहते थे और उनके दिखाए मार्ग पर चलकर ही भारत विकसित राष्ट्र बन सकता है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com