नई दिल्ली : कांग्रेस की छात्र शाखा भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने प्रश्नपत्र लीक विवाद को लेकर कहा कि छात्र आंदोलन के बाद पुलिस द्वारा दर्ज की जा रही एफआईआर गलत है, क्योंकि सरकार ने लिखित रूप से आश्वासन दिया था कि किसी पर कोई कार्रवाई नहीं होगी। उन्होंने कहा कि छात्रों पर बर्बरता करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
जाखड़ ने सोमवार को यहां कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में कहा कि देश में 25 से ज्यादा छात्रों ने आत्महत्या कर ली, लेकिन सरकार के प्रतिनिधि उनके परिवारों तक नहीं पहुंचे। दिल्ली में शिक्षा व्यवस्था सुधार की मांग कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज हुआ और पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया, जबकि बिहार में छात्रों पर एके-47 से गोलियां चलाई गईं। जिस छात्र को गोली लगी, वह अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।
एनएसयूआई अध्यक्ष ने कहा कि सरकार ने लिखित रूप से आश्वासन दिया था कि किसी के खिलाफ कोई पुलिस कार्रवाई नहीं होगी, ऐसे में केस दर्ज करना गलत है। एनएसयूआई ने मांग की कि छात्रों पर बर्बरता करने वालों पर सख्त कार्रवाई हो। एनटीए के दोषी अधिकारियों के खिलाफ अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई और एनटीए के महानिदेशक के खिलाफ अभी तक कोई कदम क्यों नहीं उठाया गया। एनएसयूआई ने पुलिस एफआईआर से प्रभावित लोगों के लिए एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal