इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न में सम्मानित होंगी रेखा

हिंदी सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री रेखा को ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में आयोजित होने वाले इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न (आईएफएफएम) 2026 में सिनेमा में उनके अतुलनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।

 

इस अवसर पर उनकी प्रतिष्ठित फिल्म ‘उमराव जान’ की विशेष स्क्रीनिंग भी आयोजित की जाएगी। मुजफ्फर अली के निर्देशन में बनी यह फिल्म वर्ष 1981 में रिलीज हुई थी और इस साल अपनी रिलीज के 45 वर्ष पूरे कर रही है। फिल्म में रेखा के अलावा फारूख शेख, नसीरुद्दीन शाह और राज बब्बर ने भी अहम भूमिकाएं निभाई थीं।

 

‘उमराव जान’ की विशेष स्क्रीनिंग को लेकर रेखा ने खुशी जताते हुए कहा कि यह फिल्म उनके दिल के बेहद करीब है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि उनकी यादों और जीवन का अहम हिस्सा है। रेखा ने कहा कि इतने वर्षों बाद इस फिल्म को वैश्विक मंच पर फिर से सम्मान मिलना उनके लिए भावुक और विनम्र कर देने वाला अनुभव है। उन्होंने यह भी कहा कि सिनेमा उनके जीवन का सबसे बड़ा आशीर्वाद रहा है और आईएफएफएम में उत्कृष्टता पुरस्कार प्राप्त करना उनके लिए बेहद खास सम्मान है।

 

रेखा ने इस सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह इसे केवल अपनी उपलब्धि नहीं, बल्कि उन सभी फिल्मकारों, लेखकों, संगीतकारों और सहयोगियों को समर्पित करती हैं, जिन्होंने उनके फिल्मी सफर को यादगार बनाया। आईएफएफएम 2026 का आयोजन 13 से 23 अगस्त तक मेलबर्न में होगा। इस दौरान अभिनेता पंकज त्रिपाठी को भी ‘आर्टिस्ट ऑफ डिस्टिंक्शन’ सम्मान से नवाजा जाएगा।

 

————–

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com