‘आर्यभट्ट का जीरो’ में नजर आएगी संघर्ष और आत्मविश्वास की प्रेरक कहानी, ट्रेलर रिलीज

आगामी हिंदी फिल्म ‘आर्यभट्ट का जीरो’ का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर रिलीज हो गया है। करीब 2 मिनट 38 सेकंड का ट्रेलर एक ऐसे साधारण युवक की कहानी पेश करता है, जो असफलताओं, टूटे सपनों, पारिवारिक जिम्मेदारियों और समाज के तानों के बीच अपनी पहचान बनाने की जंग लड़ता है। ट्रेलर में पिता-पुत्र के भावनात्मक रिश्ते, जीवन के संघर्ष और कभी हार न मानने के जज्बे को प्रभावशाली ढंग से दिखाया गया है। इसकी शुरुआत एक अनोखे शादी के दृश्य से होती है, जहां हल्के-फुल्के अंदाज के बाद कहानी मुख्य किरदार ब्रह्मगुप्त श्रीवास्तव उर्फ ‘बग्गू’ के सफर की ओर बढ़ती है।

 

फिल्म में हिमांश कोहली ने बग्गू की भूमिका निभाई है, जिसकी जिंदगी में लगातार असफलताएं, प्रेम में हार और पारिवारिक संघर्ष हैं, लेकिन वह हर मुश्किल का डटकर सामना करता है। ट्रेलर के भावनात्मक संवाद और प्रेरणादायक संदेश दर्शकों का ध्यान खींचते हैं। फिल्म में हिमांश कोहली के साथ सोनाली सहगल, रवि किशन, दर्शना बानिक, राजेश शर्मा, गोपाल दत्त, इश्लीन प्रसाद, अलका अमीन, नीरज सूद और शिल्पा शिंदे अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

 

इस फिल्म का निर्देशन कमल चंद्रा ने किया है। फिल्म का निर्माण बीरेंद्र भगत, रवि एस. गुप्ता, संजय नागपाल और शेओ बालक सिंह ने किया है। हिमांश कोहली ने कहा कि बग्गू उन लाखों युवाओं का प्रतिनिधित्व करता है, जो बार-बार गिरने के बावजूद हार नहीं मानते। वहीं निर्माता बीरेंद्र भगत ने इसे उम्मीद जगाने वाली कहानी बताया, जबकि निर्देशक कमल चंद्रा ने कहा कि यह फिल्म आत्मविश्वास और नई शुरुआत की ताकत का संदेश देती है। ‘आर्यभट्ट का जीरो’ 7 अगस्त 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com