मांजलपुर विस उपचुनाव : भाजपा उम्मीदवार सतीश पटेल, 11वें राउंड में 17,198 वोटों से आगे

वडोदरा : गुजरात के वडोदरा जिले की मांजलपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की अब तक हुई मतगणना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने निर्णायक बढ़त बना ली है। 11वें राउंड की मतगणना पूरी होने तक भाजपा उम्मीदवार सतीश पटेल अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के भीखा रबारी से 17,198 मतों से आगे चल रहे हैं। कांग्रेस उम्मीदवार पहले ही राउंड से पिछड़ते चले आ रहे हैं। 11वें राउंड तक भीखा रबारी को 14,085 वोट प्राप्त हुए हैं।

 

भाजपा की बढ़त को देखते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं ने मतगणना केंद्र के बाहर जश्न मनाना शुरू कर दिया है। महिला कार्यकर्ताओं ने गरबा कर खुशी का इजहार किया जबकि समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अभी से ही जीत का उत्सव मना रहे हैं।

 

मतगणना कुल 19 राउंड की जानी है। इसके लिए मतगणना केंद्र पर 14 ईवीएम टेबल तथा एक पोस्टल बैलेट टेबल की व्यवस्था की गई है। कुल 260 मतदान केंद्रों के मतों की गणना चरणबद्ध तरीके से की जा रही है। सुबह 8 बजे से शुरू हुई मतगणना में सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गणना हुई, जिसके बाद ईवीएम के मतों की गिनती शुरू की गई।

 

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला मजिस्ट्रेट डॉ. अनिल धामेलिया के मार्गदर्शन में मतगणना के लिए 42 काउंटिंग स्टाफ, प्रत्येक टेबल पर 42 माइक्रो ऑब्जर्वर तथा अन्य व्यवस्थाओं के लिए लगभग 200 कर्मचारियों की तैनाती की गई है। पूरी प्रक्रिया निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त जनरल, पुलिस और व्यय प्रेक्षकों की निगरानी में कराई जा रही है।

 

मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 200 से अधिक पुलिसकर्मी और अधिकारी तैनात किए गए हैं। दोपहर तक अंतिम परिणाम आने की संभावना है।

 

गौरतलब है कि मांजलपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को मतदान हुआ था। इस उपचुनाव में केवल 37.05 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था, जिसे देखते हुए कांग्रेस को भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी। हालांकि शुरुआती रुझानों से ही भाजपा ने बढ़त बना ली और लगातार उसे बढ़ाती चली गई।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com