प्रधानमंत्री आज मप्र के पुंजापुरा में वाराणसी से वड़नगर जा रहे सेवा संकल्प बाइक राइडर्स से करेंगे वर्चुअली संवाद

भोपाल : वाराणसी से वडनगर के लिए निकाली जा रही ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ आज मध्य प्रदेश के देवास जिले के पुंजापुरा पहुंच रही है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ में शामिल बाइक राइडर्स से वर्चुअली संवाद करेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी बाइक राइडर्स के साथ मौजूद रहेंगे।

 

 

 

 

जनसम्पर्क अधिकारी शिवम शुक्ल ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के वाराणसी से गुजरात वडनगर तक विशेष बाइक यात्रा निकाली जा रही है। गत 17 सितंबर को वाराणसी से रवाना हुई इस यात्रा में 250 बाइकों पर 500 सेवा यात्री शामिल हैं। यात्रा विभिन्न राज्यों के अनेक जिलों एवं गांवों से होकर वडनगर पहुंचेगी।

 

 

 

 

यात्रा के दौरान सेवा, जनसंवाद और राष्ट्रीय एकता से जुड़े संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं। यात्रा में विभिन्न स्थानों पर प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं उपलब्धियों से संबंधित जानकारी प्रदर्शित करने वाले वाहन भी शामिल हैं।

 

 

 

 

जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ आज देवास जिले के पुंजापुरा पहुंचेगी। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ में शामिल बाइक राइडर्स से संवाद करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल होंगे।

 

 

 

 

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 35.42 लाख हितग्राहियों को सिंगल क्लिक के माध्यम से 212.57 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित करेंगे। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, विधायक मुरली भंवरा एवं राय सिंह सेंधव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में गणमान्य नागरिकों के साथ बड़ी संख्या में आमजन भी सहभागिता करेंगे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com