सिक्किम में बारिश का कहर, रिम्बी गांव में भूस्खलन, कई परिवार प्रभावित

गंगटोक : पश्चिम सिक्किम के गेजिंग जिले के रिम्बी गांव में लगातार हो रही मूसलधार बारिश के बीच भूस्खलन हुआ है। भूस्खलन के कारण गांव के कई घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जबकि जोखिम में आए परिवारों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण रिम्बी गांव में भूस्खलन, जमीन धंसने तथा दरारें पड़ने का सिलसिला बढ़ गया था। इसी क्रम में गुरुवार-शुक्रवार की रात बड़ा भूस्खलन होने के बाद गांव के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित घरों और अन्य संरचनाओं को नुकसान पहुंचने की जानकारी है।

 

भूस्खलन से स्थानीय कई परिवार प्रभावित हुए हैं। उनके घर भूस्खलन की चपेट में आने के जोखिम के कारण उन्हें अपने घर छोड़कर अन्यत्र शरण लेने के लिए मजबूर होना पड़ा । कुछ परिवारों ने अपने रिश्तेदारों तथा सुरक्षित स्थानों पर शरण ली है, जबकि प्रभावित क्षेत्र में और अधिक नुकसान का खतरा बना हुआ है।

 

स्थानीय लोगों के अनुसार, लगातार बारिश के कारण जमीन अभी भी कमजोर स्थिति में है। भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में और भूस्खलन होने की आशंका को देखते हुए स्थानीय लोगों से सतर्क रहने का आग्रह किया गया है।

 

इस घटना में अब तक किसी प्रकार की जनहानि नहीं होने की जानकारी मिली है। बड़े भूस्खलन के कारण घरों और संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है, लेकिन किसी व्यक्ति की मौत होने की सूचना सामने नहीं आई है।

 

सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने रिम्बी गांव में हुए भीषण भूस्खलन के बाद उत्पन्न स्थिति पर गहरा दुख और चिंता व्यक्त की है। उन्होंने शुक्रवार सुबह एक सोशल मीडिया पोस्ट पर सरकार रिम्बी के लोगों के साथ मजबूती से खड़े रहने की बात कहते हुए संबंधित अधिकारियों को उच्च सतर्कता पर रहने, स्थिति पर करीबी नजर रखने तथा लोगों की सुरक्षा और संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठाने के आवश्यक निर्देश दिए हैं।

 

उन्होंने कहा है कि वह रिम्बी के निवासियों द्वारा झेली जा रही पीड़ा और अनिश्चितता को समझते हैं। विशेष रूप से शुरुआत से ही कठिनाइयां लगातार बनी रहने के कारण प्रभावित प्रत्येक परिवार के प्रति सहानुभूति व्यक्त की है।

 

उन्होंने मूसलधार बारिश के दौरान सभी से सतर्क और सुरक्षित रहने तथा संबंधित अधिकारियों द्वारा जारी सूचनाओं और निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है। साथ ही, कठिन परिस्थिति में एक-दूसरे को हर संभव सहयोग देने की अपील भी की है। उनन्होंने कहा है कि उनकी रिम्बी की स्थिति पर करीबी नजर है और लोगों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम लगातार उठाए जाएंगे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com