इंटरनेशनल ट्रेड शो में जेन जी का अंदाज, नुक्कड़ नाटक से सामाजिक मुद्दों पर दे रहे संदेश

नोएडा : उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में उत्पादों और सरकारी योजनाओं के प्रचार के बीच जेन जी का अंदाज भी लोगों का ध्यान खींच रहा है। किसी पवेलियन में अचानक ढोलक-ढपली की थाप और गीत की आवाज सुनाई देती है तो लोग रुककर उस ओर देखने लगते हैं। यहां मंच या बड़ी स्क्रीन के बजाय युवा छात्र-छात्राएं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सामाजिक मुद्दों पर लोगों से संवाद कर रहे हैं। ‘आवाज’ समूह के युवा अलग-अलग पवेलियन में पहुंचकर वहां प्रदर्शित विषयों से जुड़े सामाजिक संदेश अपनी प्रस्तुतियों के जरिए लोगों तक पहुंचा रहे हैं।

 

‘आवाज’ समूह की खासियत यह है कि युवा जिस पवेलियन में प्रस्तुति देने पहुंचते हैं, उसी से जुड़े विषय को नुक्कड़ नाटक का हिस्सा बनाते हैं। पावर ग्रिड कॉरपोरेशन के पवेलियन में समूह ने विद्युत ऊर्जा की बचत और पर्यावरण संरक्षण को केंद्र में रखकर प्रस्तुति दी। गीत, संवाद और ढोलक-ढपली की थाप के साथ युवाओं ने बिजली के विवेकपूर्ण इस्तेमाल का संदेश दिया। प्रस्तुति के दौरान जुटी भीड़ को ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

 

समूह ने ऊंचाई पर चढ़कर सेल्फी लेने की बढ़ती प्रवृत्ति को भी नुक्कड़ नाटक का विषय बनाया। अभिनय और संवाद के माध्यम से युवाओं ने बताया कि सोशल मीडिया के लिए तस्वीर या वीडियो बनाने के चक्कर में जोखिम उठाना हादसे का कारण बन सकता है। प्रस्तुति के जरिए लोगों से सुरक्षित व्यवहार अपनाने और जान जोखिम में डालकर सेल्फी लेने जैसी गतिविधियों से बचने की अपील की गई।

 

‘आवाज’ समूह ने सरकारी योजनाओं को भी अपनी प्रस्तुतियों में शामिल किया। समाज कल्याण विभाग की अभ्युदय योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मिलने वाले अवसरों को नुक्कड़ नाटक के जरिए समझाया गया। पात्रों और संवादों के माध्यम से विद्यार्थियों को योजना के तहत उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी गई और उन्हें शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।

 

‘आवाज’ समूह का नेतृत्व आईजीडीटीयू की छात्रा पीहू कर रही हैं। समूह में आरएमएल के पूर्व छात्र सूरज, अरविंदो कॉलेज के नितिन, नोएडा स्कूल ऑफ जर्नलिज्म की साखी और डीडीयू के अभिषेक शामिल हैं। अलग-अलग शिक्षण संस्थानों से जुड़े ये युवा कला और रंगमंच को जनजागरूकता का माध्यम बना रहे हैं।

 

ट्रेड शो में समूह की प्रस्तुतियां मनोरंजन के साथ-साथ लोगों को ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा, सुरक्षित व्यवहार और सरकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी देने का माध्यम बन रही हैं। पवेलियन में आने वाले दर्शकों को अपनी ओर आकर्षित करने के बाद युवा गीत, संवाद और अभिनय के जरिए संदेश देते हैं, जिससे सामाजिक मुद्दों पर सहज तरीके से लोगों का ध्यान खींचा जा रहा है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com