Lucknow : सपा अब चुनावी मोड में आ गई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पार्टी राज्य मुख्यालय, लखनऊ में बुधवार को आयोजित किसान सम्मेलन के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि जब किसान खुशहाल होगा, तभी देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। किसान कड़ी मेहनत करके पूरे देश का पेट भरता है। किसान आगे बढ़ेगा, तभी देश आगे बढ़ेगा।
पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा किसानों के लिए बड़े फैसले लिए, उनकी आवाज उठाई, उनकी लड़ाई लड़ी और उन्हें आगे बढ़ाया। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने किसानों को सिर्फ धोखा दिया है। किसानों को समय पर खाद, बीज, कीटनाशक और पानी नहीं मिल रहा है, जबकि खेती के काम आने वाली मशीनों पर जीएसटी लगाकर उनके संकट को और बढ़ा दिया गया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों को जबरदस्ती नैनो यूरिया बेच रही है, जिसका समाजवादी पार्टी पुरजोर विरोध करती है। सरकार चीनी और पेट्रोल में इथेनॉल मिलाकर भारी मुनाफा कमा रही है, लेकिन उसका लाभ किसानों को नहीं मिल रहा है। श्री यादव ने कहा कि हरा रंग हरियाली और किसानों की खुशहाली का प्रतीक है, जो लाल रंग के साथ मिलकर समाजवादी पार्टी का झंडा बनाता है। सपा हमेशा से किसानों की हितैषी रही है। सपा सरकार बनने पर किसानों को खेती के लिए मुफ्त सिंचाई और सस्ती बिजली उपलब्ध कराई जाएगी।
गन्ना किसानों का बकाया भुगतान 24 से 48 घंटे के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा। किसानों को उनकी फसलों का उचित और लाभकारी मूल्य दिलाया जाएगा। दलहन, तिलहन, गेहूं, धान, गन्ना, आलू से लेकर दूध तक हर उत्पाद में किसानों को बचाने के लिए बड़े पैमाने पर डेरी बनाई जाएंगी।
प्रदेश में आई बाढ़ पर चिंता जताते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि नदियों में सिल्ट जमा हो गई है और सरकार ने नदियों की डिसिल्टिंग नहीं कराई, जिससे नदियां उथली हो गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लखनऊ और गोरखपुर में गलत डिजाइन के कारण जलभराव और बाढ़ की स्थिति पैदा हुई है। सरकार बाढ़ से धान, गन्ना और दलहनी फसलों को हुए नुकसान की तुरंत भरपाई करे। अखिलेश यादव ने इस सम्मेलन में शामिल हुए बड़ी संख्या में बुजुर्ग, मेहनती और ईमानदार किसानों का आभार प्रकट किया।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal