नई दिल्ली : श्रीलंका की सत्ताधारी पार्टी जनता विमुक्ति पेरामुना (जेवीपी) के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से यहां स्थित भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में मुलाकात की।
यह बैठक भाजपा के अंतरराष्ट्रीय संपर्क कार्यक्रम ‘ भाजपा काे जानाे’ पहल के तहत आयोजित की गई।
जेवीपी के महासचिव तिल्विन सिल्वा के नेतृत्व में भारत आए प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा अध्यक्ष के साथ दोनों राजनीतिक दलों के बीच संबंधों को मजबूत करने और संगठनात्मक अनुभव साझा करने पर चर्चा की। बैठक में आपसी राजनीतिक और कूटनीतिक सहयोग को बढ़ावा देने से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
श्रीलंका के प्रतिनिधिमंडल ने अपने भारत दौरे के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा से भी मुलाकात की।
इस दौरान दोनों पक्षों के बीच राजनीतिक संगठनों के कामकाज, जनसंपर्क और संगठन विस्तार से जुड़े अनुभवों को साझा करने का अवसर मिला।
जेवीपी का पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल 27 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक भारत के चार दिवसीय आधिकारिक दौरे पर है। दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय संसद और दिल्ली स्थित भाजपा कार्यालय का भी दौरा किया।
यह यात्रा भाजपा के अंतरराष्ट्रीय संपर्क कार्यक्रम के तहत विदेशी राजनीतिक दलों के साथ संवाद और संगठनात्मक अनुभवों के आदान-प्रदान की दिशा में एक पहल के रूप में देखी जा रही है। श्रीलंका और भारत के बीच राजनीतिक एवं कूटनीतिक संबंधों के संदर्भ में भी इस तरह के संवाद को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal