मुंबई : आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की आगामी फिल्म ‘उड़ता तीर’ की रिलीज डेट आगे बढ़ा दी गई है। धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस कॉमेडी-ड्रामा फिल्म को पहले 9 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाना था, लेकिन अब यह 23 अक्टूबर को दर्शकों के बीच आएगी। यानी फिल्म की रिलीज में करीब दो सप्ताह का बदलाव किया गया है।
‘उड़ता तीर’ का ट्रेलर हाल ही में जारी किया गया था, जिसे दर्शकों की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रियाएं मिली थीं। फिल्म के प्रचार अभियान को भी आगे बढ़ाया जा रहा है। निर्माताओं की ओर से रिलीज टालने की वजह को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की टीम चाहती है कि इसे सिनेमाघरों में पर्याप्त स्क्रीन और बिना किसी बाधा के रिलीज मिले।
फिल्म की नई रिलीज तारीख ऐसे समय में सामने आई है, जब अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’ सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ‘उड़ता तीर’ की रिलीज आगे बढ़ाने के फैसले को दोनों फिल्मों के बीच संभावित टकराव से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, निर्माताओं ने इस बदलाव को लेकर ऐसा कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया है। अब आयुष्मान और सारा की यह फिल्म 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal